भोपाल। एलएनसीटी ग्रुप द्वारा आयोजित इंजीनियर्स ओलिंपिक में सोमवार को खेले गए महिला वर्ग के वॉलीबॉल में एलएनसीटी ने ख़िताब जीत लिया। वहीं फर्राटा दौड़ में राजीव कुमार और रुचिका ने बाजी मार ली। वॉलीबॉल के महिला फाइनल में एलएनसीटी ने बंसल को 25-18, 25-15 से हराया। कप्तान आकांक्षा सूर्यवंशी और नेहा कुजूर का प्रदर्शन शानदार रहा। बैडमिंटन एकल के फाइनल में बंसल के अतुल श्रीवास्तव ने टीआईटी के सनम सिंह को 21-15, 21-16 से हराकर खिताबी जीत दर्ज की। वहीं युगल में बंसल के अतुल-अमन ने एलएनसीटी के गीत-सौरभ की जोड़ी को 21-15, 18-21, 21-14 से पराजित किया। फर्राटा दौड़ में एलएनसीटी के राजीव प्रथम, एलएनसीटी के शेवलीन थॉमस द्वितीय और ओरिएंटल के हर्ष सिंह तृतीय स्थान पर रहे। महिला वर्ग में एलएनसीटी की रुचिका त्रिपाठी प्रथम, ओरिएंटल की प्राची यादव द्वितीय और एलएनसीटी की श्रेया तृतीय रही। स्पर्धा सचिव पंकज जैन ने बताया कि मंगलवार को अंतिम दिन बास्केटबॉल, वॉलीबॉल के फाइनल तथा क्रिकेट के फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे।

