लखनऊ सुपर जायंट्स को मिला नया गेंदबाजी कोच, भरत अरुण की हुई एंट्री

0

नई दिल्ली: लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के अगले सीजन के लिए भरत अरुण को अपना नया गेंदबाजी कोच नियुक्त किया है। पूर्व भारतीय फास्ट बॉलर भरत अरुण को कोचिंग के दौरान टीम इंडिया की गेंदबाजी यूनिट को बेहतर दिशा और मजबूती देने का श्रेय जाता है। उनके नेतृत्व में भारतीय पेस अटैक ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन किया, और अब एलएसजी को उनसे ऐसे ही अनुभव की उम्मीद है। भरत अरुण कोलकाता नाइट राइडर्स के साथ भी एक सफल कार्यकाल के बाद एलएसजी में शामिल हुए हैं। उनके रहते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स ने 2024 में आईपीएल ट्रॉफी जीती थी। वह 2022 सीजन से 4 साल तक केकेआर का हिस्सा रहे। क्रिकबज की खबर के अनुसार, भरत रुण (62) ने संजीव गोयनका के स्वामित्व वाली टीम के साथ दो साल का करार किया है। इसके तहत उन्हें पूरे साल एलएसजी के खिलाड़ियों के साथ काम करना होगा।

LSG में जहीर खान की नियुक्ति अब अनिश्चित: आगे क्या होगा?

भरत अरुण के कोचिंग स्टाफ में शामिल होने से संकेत मिलता है कि एलएसजी अब जहीर खान को अपने सपोर्ट स्टाफ का हिस्सा बनाए रखने के मूड में नहीं है। पिछले सीजन में जहीर खान ऋषभ पंत की कप्तानी वाली टीम के मेंटर की भूमिका में नजर आए थे। पहले भी खबर आई थी कि जहीर खान का फ्रेंचाइजी के साथ एक साल का अनुबंध था और प्रबंधन इस सौदे की गंभीरता से समीक्षा कर रहा है। अनुबंध के नवीनीकरण की संभावनाएं कम हैं। साथ ही कुछ सीजन तक टीम का हिस्सा रहे मुख्य कोच जस्टिन लैंगर के अनुबंध की भी संभावनाएं कम हैं।

KKR और चंद्रकांत पंडित का साथ टूटा, क्या होगी अगली चाल?

भरत अरुण की एलएसजी में नियुक्ति, कोलकाता नाइट राइडर्स के मुख्य कोच चंद्रकांत पंडित के अलग होने के एक दिन बाद हुई है। इस बदलाव के साथ टीम मैनेजमेंट में अब दो अहम पद खाली हो गए हैं। वेबसाइट की खबर के अनुसार, केकेआर (कोलकाता नाइट राइडर्स) एक कड़ी चयन प्रक्रिया के बाद नए कोचिंग स्टाफ की नियुक्ति करेगा। भरत अरुण और केकेआर ने स्पष्ट रूप से सौहार्दपूर्ण ढंग से अपने रास्ते अलग कर लिए हैं। टीम के मेंटर ड्वेन ब्रावो भी बॉलिंग स्ट्रेटजी का प्रबंधन कर रहे थे, इसलिए इस बात पर आपसी सहमति बनी कि बहुत ज्यादा सुझाव टीम के हित में नहीं हो सकते। इसके अलावा, केकेआर ने अपने कर्मचारियों के पेशेवर विकास में बाधा न डालने की एक ‘संस्थागत नीति’ बनाए रखी है। ऐसा माना जा रहा है कि जब अरुण ने फ्रैंचाइजी से रिलीज की मांग की थी, तब उन्हें इस सिद्धांत से अवगत कराया गया था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here