एमपीएल टी20: माधव तिवारी के ऑलराउंड प्रदर्शन से उज्जैन फाल्कन्स की शानदार जीत

0

इंदौर:  होलकर स्टेडियम में खेले गए एमपीएल टी20 मुकाबले में उज्जैन फाल्कन्स ने इंदौर पिंक पैंथर्स को 5 विकेट से हराकर रोमांचक जीत दर्ज की। इस मुकाबले में गेंद और बल्ले दोनों से चमके माधव तिवारी मैच के सबसे बड़े हीरो रहे।  पहले बल्लेबाजी करते हुए इंदौर पिंक पैंथर्स की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने 18 रन के भीतर ही 5 विकेट गंवा दिए थे और शुरुआती झटकों से उबरना मुश्किल नजर आ रहा था। इस दबाव के बीच कप्तान वेंकटेश अय्यर (47 रन) और सारांश सुराना (15 रन) ने पारी को संभालने की कोशिश की और साझेदारी बनाकर स्कोर को आगे बढ़ाया।

हालांकि मिडिल ओवरों में उज्जैन के गेंदबाजों ने वापसी की और लगातार दबाव बनाए रखा। नवीन नागले ने सुराना को आउट कर साझेदारी तोड़ी। इसके बाद शुभम राठौर ने 21 रन बनाकर टीम को कुछ राहत दी, लेकिन आर्यन पांडेय ने उन्हें भी पवेलियन भेज दिया। अंत में लकी मिश्रा की नाबाद 26 रनों की तेज पारी से इंदौर की टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 137 रन तक पहुंच सकी। उज्जैन की ओर से माधव तिवारी ने 3 विकेट झटके, जबकि ऋषि मिगलानी ने 2 विकेट लेकर शानदार गेंदबाजी की।

138 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए उज्जैन फाल्कन्स की शुरुआत भी लड़खड़ा गई और टीम 51 रन पर 4 विकेट गंवा चुकी थी। ऐसे मुश्किल समय में ऋषि मिगलानी (28 रन) ने कुछ देर तक पारी को संभाला, लेकिन जल्द ही आउट हो गए।  इसके बाद माधव तिवारी और आर्यन पांडेय ने जिम्मेदारी संभालते हुए 63 रनों की अहम साझेदारी की और मैच को उज्जैन की ओर मोड़ दिया। माधव तिवारी 31 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन आर्यन पांडेय ने अंत तक टिककर 56 रनों की नाबाद पारी खेली और टीम को 19वें ओवर में जीत दिला दी।  मैच में ऑलराउंड प्रदर्शन करने वाले माधव तिवारी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here