भोपाल। राजधानी में टी.टी. नगर स्टेडियम स्थित व्हाॅलीबाल कोर्ट में खेली जा रही अखिल भारतीय सिविल सर्विसेस व्हाॅलीबाल प्रतियोगिता के दूसरे दिन भी मध्य प्रदेश का प्रदर्शन शानदार रहा। मध्य प्रदेश सचिवालय ने शुरूआती मैच में जहां उत्तरप्रदेश सचिवालय को 2-0 से परास्त किया वहीं दूसरे मैच में उत्तराखण्ड सचिवालय को भी 2-0 से हराया। प्रतियोगिता के तहत खेले गए अन्य मुकाबलों में हिमाचल सचिवालय ने हरियाणा को 2-0 से, जीएनसीटी दिल्ली ने छत्तीसगढ़ को 2-0 तथा आर.एस.बी. छत्तीसगढ़ ने आर.एस.बी. उत्तराखण्ड को 2-0 से परास्त किया। इसी तरह कर्नाटक सचिवालय ने तमिलनाडू सचिवालय को 2-0 से हराया। गोवा सचिवालय ने गुजरात सचिवालय को, हरियाणा सचिवालय ने तैलंगाना सचिवालय को, उड़ीसा सचिवालय ने उत्तरप्रदेश सचिवालय को सीधे सेटो में 2-0 से पराजित कर अगले चक्र में प्रवेश किया।
अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन
प्रतियोगिता में अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी अपने जौहर का प्रदर्शन कर रहे हैं। इनमें आर.एस.बी. अहमदाबाद के अमित, आर.एस.बी. मुम्बई के थेन्नारासिन, एवं शोंडर तथा हैदराबाद के अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी एन. यशवन्त (केप्टन), टी. नरेश, बी.एच. वर्मा, संदीप, राजा शेखर, प्रशांत, श्रवन और डेविड शामिल है।
डाँ. प्रधान ने किया खिलाड़ियों से परिचय
प्रतियोगिता के तहत आज संयुक्त संचालक खेल संचालनालय डाँ. विनोद प्रधान ने टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी। इस मौके पर अंतर्राष्ट्रीय जूडो खिलाड़ी एवं विक्रम अवार्डी सुश्री कमला रावत, मध्य प्रदेश टीम के कोच श्री प्रणय मजूमदार, मध्य प्रदेश व्हाॅलीबाल संघ के मुख्य निर्णायक श्री पी.एन. ठाकुर (ग्वालियर) आदि मौजूद थे।