मध्य प्रदेश हाॅकी अकादमी बनी आॅल इंडिया गुरूनानक देव गोल्ड कप महिला हाॅकी टूर्नामेंट की चैम्पियन

0

खेल मंत्री श्री जीतू पटवारी ने विजेता टीम को दी बधाई
भोपाल। पंजाब के अमृतसर में खेले गए आॅल इंडिया गुरूनानक देव गोल्ड कप महिला हाॅकी टूर्नामेंट के फाइनल रोमांचक मुकाबले में मध्य प्रदेश महिला हाॅकी अकादमी की खिलाड़ियों ने खालसा हॉकी अकादमी को 4-2 से हराया और विजेता का खिताब जीतकर मध्य प्रदेश का गौरव बढ़ाया। म.प्र. अकादमी की खिलाडियों द्वारा अर्जित इस उपलब्धि पर प्रदेश के खेल और युवा कल्याण मंत्री श्री जीतू पटवारी ने हर्ष व्यक्त किया है और टीम में शामिल सभी खिलाड़ी बेटियों को बधाई दी है।

उन्होंने कहा है कि मध्य प्रदेश राज्य महिला हाॅकी अकादमी की खिलाड़ी बेटियों ने आॅल इंडिया गुरूनानक देव गोल्ड कप जीतकर प्रदेश को गौरवान्वित किया है। संचालक खेल और युवा कल्याण डाँ एस. एल. थाउसेन ने भी विजेता टीम की सभी खिलाड़ियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। फायनल मुकाबला 1-1 से बराबरी पर रहा और मैच का निर्णय शूट आउट से किया गया, जिसमें मध्य प्रदेश अकादमी की टीम 4-2 से मुकाबला जीतकर चैम्पियन बनी। आज खेले गए फायनल मुकाबले में खालसा हाॅकी अकादमी की खिलाड़ी रमनप्रीत कौर ने मैच के 19वें मिनट में पहला फील्ड गोल दागा, जिसके जवाब में मध्यप्रदेश हॉकी अकादमी की खिलाड़ी ज्योति पाल ने 29वें मिनट में फील्ड गोल मारकर टीम को एक एक से बराबरी पर ला दिया। यह स्कोर अंत तक रहा और मैच का निर्णय शूट आउट से किया गया, जिसमें अकादमी की खिलाड़ी इशिका चैधरी, उपासना सिंह और एम. नीलांजली ने एक-एक गोल किया। जबकि खालसा हाॅकी अकादमी की खिलाड़ी नवनीत कौर ने एक गोल किया और इस तरह यह मुकाबला 4-2 से मध्यप्रदेश हॉकी अकादमी ने जीत लिया। मध्य प्रदेश हॉकी अकादमी के मुख्य प्रशिक्षक श्री परमजीत सिंह बरार को बेस्ट कोच का अवार्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।