(NST News) भोपाल. नॉर्थ सेंट्रल मिनी जोनल फुटबॉल टूर्नामेंट में मध्य प्रदेश ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए मेजबान पंजाब को फाइनल में 2-1 से हराकर चैंपियनशिप जीत ली। ग्वालियर में पिछले दो महीने से लगातार अभ्यास कर रही एमपी पुरुष ब्लाइंड फुटबॉल टीम ने इस जीत से प्रदेश का गौरव बढ़ाया। फाइनल मुकाबले में कप्तान फरदीन खान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दोनों गोल दागे और टीम को जीत दिलाई। इससे पहले इंडियन ब्लाइंड फुटबॉल प्रीमियर लीग में एमपी टीम तीसरे स्थान पर रह चुकी है, जबकि पिछले वर्ष एमपी वूमेन्स टीम ने खिताब जीतकर अपना दबदबा कायम किया था।
ब्लाइंड फुटबॉल एसोसिएशन के सचिव मोहम्मद शाहिद ने टीम को बधाई देते हुए कहा कि खिलाड़ियों ने पूरे प्रदेश को गर्व महसूस कराया है और उम्मीद जताई कि भविष्य में भी वे इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करते रहेंगे। विजेता टीम में कप्तान फरदीन खान, गोलकीपर अशोक सिंह, चेतन होतवानी, सुरेन बनेत, राजा चंद्रवंशी, राजकुमार पाल और आमिर शामिल रहे।

