एनएसटी न्यूज, भोपाल। पंजाब के पटियाला में चल रही XXXIV ऑल इंडिया जी.वी. मावलंकर शूटिंग चैम्पियनशिप (शॉटगन) में मध्यप्रदेश शूटिंग अकादमी के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया है। 3 से 10 अक्टूबर तक चल रही इस प्रतियोगिता में एमपी के निशानेबाज़ों ने कुल 9 पदक 4 स्वर्ण, 4 रजत और 1 कांस्य जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया। भोपाल की प्रज्ञा सेन ने यूथ, जूनियर और सीनियर तीनों वर्गों में स्वर्ण पदक जीतकर सभी का ध्यान खींचा, जबकि हर्षला शर्मा ने इन्हीं वर्गों में तीन रजत पदक अपने नाम किए।
पुरुष वर्ग में उत्कर्ष दुबे ने यूथ वर्ग में स्वर्ण और जूनियर वर्ग में रजत पदक जीता, जबकि ज़ुबैर अली ने यूथ वर्ग में कांस्य पदक हासिल किया। खिलाड़ियों की इस सफलता ने एमपी के खेल क्षेत्र में नई ऊर्जा भरी है। खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है और इन खिलाड़ियों ने मेहनत, अनुशासन और लगन से प्रदेश का नाम ऊँचा किया है।
इन सभी खिलाड़ियों ने भोपाल स्थित मध्यप्रदेश शूटिंग अकादमी में प्रशिक्षण लिया है, जो देश की प्रमुख प्रशिक्षण संस्थाओं में से एक है। अत्याधुनिक सुविधाएं, अनुभवी कोच और अनुशासित माहौल ने खिलाड़ियों को मजबूत आधार दिया है। इन पदकों ने यह साबित किया है कि मध्यप्रदेश की प्रतिभाएँ राष्ट्रीय स्तर पर लगातार आगे बढ़ रही हैं। मावलंकर चैम्पियनशिप में मिली यह सफलता आने वाले युवा निशानेबाज़ों के लिए प्रेरणा बनेगी और प्रदेश के खेल परिदृश्य में नई चमक जोड़ेगी।

