16वीं एशियाई शूटिंग चैम्पियनशिप में खेल अकादमी के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन, खेल मंत्री ने दी बधाई
(NST News) भोपाल। कजाकिस्तान के शिमकेंट शूटिंग प्लाजा में चल रही 16वीं एशियाई शूटिंग (शॉटगन) चैम्पियनशिप 2025 में मध्यप्रदेश राज्य शूटिंग (शॉटगन) अकादमी के खिलाड़ियों ने देश और प्रदेश का मान बढ़ाया है। इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भोपाल की प्रतिभाशाली शूटर मानसी रघुवंशी ने जूनियर महिला वर्ग की स्कीट स्पर्धा में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं खेल अकादमी के ही शूटर ज्योतिरादित्य सिंह सिसोदिया ने जूनियर पुरुष वर्ग की स्कीट स्पर्धा में दमदार प्रदर्शन कर कांस्य पदक हासिल किया। इन दोनों पदकों से न केवल प्रदेश बल्कि पूरे देश को गर्व का अनुभव हुआ है। खेल कौशल, शारीरिक दक्षता और एकाग्रता के बल पर दोनों खिलाड़ियों ने यह उपलब्धि हासिल की है।

प्रदेश के खेल मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने पदक विजेता खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह क्षण पूरे मध्यप्रदेश के लिए गौरव का है। उन्होंने कहा कि मानसी और ज्योतिरादित्य की यह उपलब्धि प्रदेश के अन्य युवाओं को खेलों से जुड़ने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा देगी। उल्लेखनीय है कि इस चैम्पियनशिप में एशिया के 27 देशों के 748 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं और महिला व पुरुष वर्ग की 120 स्पर्धाओं का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में म.प्र. के खिलाड़ियों ने जो प्रदर्शन किया है, उसने राज्य की खेल अकादमी की क्षमता और प्रशिक्षण स्तर को साबित किया है। मंत्री सारंग ने भरोसा जताया कि भविष्य में भी ऐसे खिलाड़ी देश और प्रदेश का नाम लगातार रोशन करते रहेंगे।

