अजिंक्य रहाणे के बाद मुंबई का नया कप्तान कौन? श्रेयस अय्यर के साथ ये खिलाड़ी भी हैं दावेदार

0

नई दिल्ली: भारतीय टीम के अनुभवी बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने अगले रणजी ट्रॉफी सीजन से पहले ही मुंबई टीम की कप्तानी छोड़ने का ऐलान कर दिया। रहाणे ने सोशल मीडिया के जरिए यह जानकारी साझा करते हुए कहा कि अब एक नए कप्तान को तैयार करने का सही समय है। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वह एक खिलाड़ी के रूप में मुंबई टीम का हिस्सा बने रहेंगे और अपना योगदान देते रहेंगे। रहाणे के फैसले के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि मुंबई का अगला कप्तान कौन होगा।

मुंबई टीम की कप्तानी की दौड़ में श्रेयस अय्यर और सूर्यकुमार यादव

मुंबई टीम में इस समय श्रेयस अय्यर, सूर्यकुमार यादव, यशस्वी जायसवाल और सरफराज खान जैसे अनुभवी और प्रतिभाशाली खिलाड़ी मौजूद हैं। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि रहाणे की जगह टीम की कमान या तो श्रेयस अय्यर को सौंपी जा सकती है या फिर सूर्यकुमार यादव को। दोनों ही खिलाड़ी इस समय भारत के लिए टेस्ट प्रारूप का हिस्सा नहीं हैं, जिसकी वजह से वे पूरे घरेलू सीजन में मुंबई के लिए खेलने के लिए उपलब्ध रहेंगे। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि अगले रणजी सीजन के लिए मुंबई टीम का नया कप्तान कौन बनता है।

अजिंक्य रहाणे की कप्तानी में मुंबई ने 2023-24 रणजी ट्रॉफी जीती

अजिंक्य रहाणे ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि मुंबई टीम की कप्तानी करना और चैंपियनशिप जीतना उनके लिए बेहद सम्मान की बात रही है। उन्होंने आगे कहा कि नया घरेलू सीजन सामने है और उनका मानना है कि अब एक नए लीडर को तैयार करने का यह सही समय है, इसलिए उन्होंने कप्तानी की भूमिका जारी न रखने का फैसला किया है। रहाणे ने यह भी जोड़ा कि वह एक खिलाड़ी के तौर पर अपना सर्वश्रेष्ठ देने के लिए पूरी तरह तैयार हैं और मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (एमसीए) के साथ अपनी यात्रा जारी रखेंगे, ताकि टीम और अधिक ट्रॉफियां जीत सके। उन्होंने अंत में लिखा कि उन्हें अगले सीजन का बेसब्री से इंतजार है।

अजिंक्य रहाणे की कप्तानी में मुंबई ने 2023-24 सीजन में विदर्भ को फाइनल में हराकर रणजी ट्रॉफी जीतते हुए सात साल का खिताबी सूखा खत्म किया था। इसके अलावा उन्होंने टीम को ईरानी कप (2024-25) और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (2022-23) में भी खिताबी जीत दिलाई। 37 वर्षीय रहाणे अब तक 201 फर्स्ट क्लास मैचों में 14,000 से अधिक रन बना चुके हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि वह फिलहाल संन्यास नहीं ले रहे हैं और आगे भी सभी प्रारूपों में एक बल्लेबाज के रूप में मुंबई का प्रतिनिधित्व करते रहेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here