8 पदक जीतकर बढ़ाया मध्यप्रदेश का गौरव, सीनियर मिक्स्ड रिले में टीम ने हासिल किया तीसरा स्थान
एनएसटी न्यूज, भोपाल। गोवा के पणजी में 29 से 31 मई 2026 तक आयोजित 9वीं नेशनल फिनस्विमिंग चैंपियनशिप-2026 में मध्यप्रदेश ट्रायथलॉन अकादमी के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कुल 8 पदक अर्जित कर मध्यप्रदेश का गौरव बढ़ाया। प्रतियोगिता में अकादमी के छह खिलाड़ियों ने 1 स्वर्ण, 2 रजत एवं 5 कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। इसके साथ ही मध्यप्रदेश टीम ने सीनियर मिक्स्ड रिले स्पर्धा में समग्र रूप से तृतीय स्थान प्राप्त कर एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि अपने नाम की।
नीतांश जैन ने जीता स्वर्ण पदक
अकादमी के खिलाड़ी नीतांश जैन ने पुरुष वर्ग की 50 मीटर एप्निया स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर मध्यप्रदेश को गौरवान्वित किया। उन्होंने 4×100 मीटर बाइफिन्स मिक्स्ड रिले स्पर्धा में भी कांस्य पदक जीतने वाली टीम का हिस्सा रहते हुए महत्वपूर्ण योगदान दिया।
दुर्विशा पवार और आध्या सिंह ने दिलाए रजत पदक
वरिष्ठ महिला वर्ग में दुर्विशा पवार ने 200 मीटर एसएफ मोनोफिन्स स्पर्धा में रजत पदक, 400 मीटर बाइफिन्स एवं 200 मीटर बाइफिन्स स्पर्धा में कांस्य पदक अर्जित किए। उन्होंने 4×100 मीटर बाइफिन्स मिक्स्ड रिले में भी कांस्य पदक जीतने वाली टीम का हिस्सा बनकर शानदार प्रदर्शन किया। आध्या सिंह ने 400 मीटर एसएफ मोनोफिन्स स्पर्धा में रजत पदक जीतकर अकादमी की पदक तालिका में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने 4×100 मीटर बाइफिन्स मिक्स्ड रिले स्पर्धा में भी कांस्य पदक हासिल किया।
अन्य खिलाड़ियों का उल्लेखनीय प्रदर्शन
पार्थ सिंगरोल ने 50 मीटर बाइफिन्स स्पर्धा में कांस्य पदक जीता तथा 4×100 मीटर बाइफिन्स मिक्स्ड रिले टीम के सदस्य के रूप में भी कांस्य पदक अर्जित किया। वहीं अमन प्रजापति ने 200 मीटर बाइफिन्स स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर प्रदेश का मान बढ़ाया। जूनियर बालक वर्ग में ध्रुव साहू ने 100 मीटर बाइफिन्स, 50 मीटर बाइफिन्स एवं 50 मीटर एसएफ मोनोफिन्स स्पर्धाओं में चौथा स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने मध्यप्रदेश ट्रायथलॉन अकादमी के सभी पदक विजेता खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं सहयोगी स्टाफ को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।


