महर्षि मैत्री क्रिकेट टूर्नामेंट में रोमांच चरम पर, नीलकंठ टीम का रहा दबदबा

0

एनएसटी न्यूज, भोपाल। महर्षि मैत्री क्रिकेट टूर्नामेंट के तहत खेले गए मुकाबलों में तीसरे दिन रोमांच अपने चरम पर रहा। पूरे दिन चले पांच मुकाबलों में खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन ने दर्शकों को अंत तक मैदान से बांधे रखा। टूर्नामेंट में खेल भावना, प्रतिस्पर्धा और उत्साह का बेहतरीन नजारा देखने को मिला। कार्यक्रम की शुरुआत टॉस के साथ हुई, जिसमें परशुराम कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष पंडित विष्णु राजोरिया ने सिक्का उछालकर मुकाबलों का शुभारंभ कराया। इसके बाद एक के बाद एक रोचक मैच खेले गए।

पहला मुकाबला रायसेन और उज्जैन की टीमों के बीच हुआ। कड़े संघर्ष के बाद रायसेन की टीम ने जीत दर्ज की। दूसरे मैच में महर्षि संस्थान ने रायसेन को हराते हुए संतुलित बल्लेबाजी और अनुशासित गेंदबाजी का परिचय दिया। तीसरे मुकाबले में महाकाल उज्जैन और महर्षि संस्थान आमने-सामने रहे, जहां महर्षि संस्थान ने लगातार दूसरी जीत हासिल की।

चौथा मैच बाहुबली और विदिशा की टीमों के बीच खेला गया। इस मुकाबले में बाहुबली टीम ने दमदार प्रदर्शन करते हुए विदिशा को पराजित किया।  दिन का सबसे रोमांचक मुकाबला नीलकंठ और महर्षि दुर्वासा की टीमों के बीच खेला गया। नीलकंठ टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए मात्र 8 ओवर में 120 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। ओम शर्मा ने विस्फोटक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 13 गगनचुंबी छक्के लगाए और मैच को एकतरफा बना दिया। उनके इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी महर्षि दुर्वासा की टीम 55 रन पर ही सिमट गई, जिससे नीलकंठ टीम ने बड़ी जीत दर्ज की। मैच के दौरान मैदान “हर-हर महादेव” और “श्री राम जय राम जय जय राम” के जयघोष से गूंज उठा, जिससे माहौल उत्साह और भक्तिभाव से भर गया।

खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने भोपाल की महापौर मालती राय विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका मनोबल बढ़ाया। इस अवसर पर राष्ट्रपति से सम्मानित डॉ. रघुवीर प्रसाद गोस्वामी, पार्षद गिरीश शर्मा, रामबाबू शर्मा, राकेश चतुर्वेदी, पुष्पेंद्र मिश्रा, महेंद्र मिश्रा, बृजेश शर्मा, हेमंत शर्मा, राधारमन ग्रुप के संचालक संजीव सक्सेना सहित ब्राह्मण समाज के अनेक पदाधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here