नई दिल्ली: बांग्लादेश क्रिकेट टीम की ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर 13 अगस्त से शुरू होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले मुश्किलें बढ़ती हुई दिख रही हैं। बांग्लादेश की टीम इस टेस्ट सीरीज का आगाज होने से पहले डार्विन में क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया इलेवन के खिलाफ तीन दिन का प्रैक्टिस मैच खेल रही है, जिसमें पहले दिन बल्लेबाजी के दौरान उनके स्टार स्पिनर तैजुल इस्लाम अपनी उंगली को चोटिल कर बैठे। बांग्लादेश इस टेस्ट सीरीज का आगाज के पहले से ही अपने प्रमुख खिलाड़ियों की चोटों की समस्या से परेशान है जिसमें अब तैजुल इस्लाम का नाम भी जुड़ गया है, जिनको लेकर अब मैनेजमेंट चोट पर नजर बनाए हुए है।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया इलेवन के खिलाफ प्रैक्टिस मैच में बांग्लादेश की टीम पहली पारी में बल्लेबाजी करते हुए 263 रन बनाकर सिमट गई थी। इसके बाद दूसरे दिन के खेल में तैजुल इस्लाम गेंदबाजी करने के लिए मैदान पर नहीं उतरे। तैजुल को पहले दिन बैटिंग करते समय अपनी बॉलिंग वाली उंगली में चोट लगी और दूसरे दिन उन्हें आराम दिया गया। बांग्लादेश टीम मैनेजमेंट अब तैजुल की चोट पर नजर रखे हुए है और 8 अगस्त को फिर इंजरी को लेकर अपडेट लिया जाएगा। बांग्लादेश टीम के फिजियोथेरेपिस्ट बायजेदुल इस्लाम खान ने मीडिया को भेजे एक वीडियो मैसेज में कहा कि कल बैटिंग करते समय तैजुल इस्लाम की बॉलिंग वाली उंगली में चोट लग गई थी। हमने उस पर पट्टी बांधी और आज उन्हें आराम दिया और हम कल फिर उनकी जांच करेंगे।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज बांग्लादेश के नजरिए से काफी अहम है, जिसमें इस साल उनके लिए शानदार गेंदबाजी करने वाले नाहिद राणा पहले ही चोटिल होने की वजह से दौरे से बाहर हो चुके हैं तो वहीं इसके अलावा शोरिफुल इस्लाम भी बाहर हैं। बांग्लादेश के लिए टेस्ट सीरीज शुरू होने से पहले एक अच्छी खबर जो आई वह यह कि उनके अनुभवी बल्लेबाज लिटन दास पूरी तरह से फिट हो गए हैं और स्क्वाड का हिस्सा भी बन गए हैं। ऐसे में अब उनके पहले मुकाबले में खेलने की उम्मीद की जा सकती है।


