कोलकाता : मोहन बागान के पूर्व अध्यक्ष स्वपन साधन बोस, जिन्हें कोलकाता के फुटबॉल जगत में प्यार से ‘टूटू बाबू’ के नाम से जाना जाता था, का हृदयाघात के कारण निधन हो गया। वह 79 वर्ष के थे। भारतीय फुटबॉल प्रशासन के सबसे प्रभावशाली चेहरों में गिने जाने वाले बोस पिछले कुछ समय से कई स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे थे और कोलकाता के एक निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक, उन्होंने मंगलवार रात करीब 11:45 बजे अंतिम सांस ली।
अरिनजॉय बोस ने फेसबुक पर एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए लिखा, “गहरे शोक के साथ हम टूटू बोस के निधन की सूचना दे रहे हैं। वह एक आदर्श पिता और दादा थे। साथ ही एक बेहतरीन प्रशासक थे और अपने आसपास के सभी लोगों के लिए मजबूत सहारा बने रहे।” टूटू बोस ने मोहन बागान को देश के शीर्ष क्लबों में शामिल कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वह लगभग तीन दशकों तक इस ऐतिहासिक क्लब से जुड़े रहे और इस दौरान उन्होंने सचिव और अध्यक्ष सहित कई अहम पदों पर जिम्मेदारियां निभाईं।


