नई दिल्ली : भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का आगाज 13 जून से होने वाला है। इस सीरीज का पहला मुकाबला धर्मशाला के एचपीसीए स्टेडियम में खेला जाएगा। सीरीज से पहले टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा है, क्योंकि हैमस्ट्रिंग इंजरी के चलते विराट कोहली इस वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह यशस्वी जायसवाल को टीम में शामिल किया गया है। विराट कोहली अपने 18 साल लंबे करियर में बहुत कम बार चोट के कारण मैचों से बाहर रहे हैं। इससे पहले वह आखिरी बार कब इंजरी के चलते वनडे मैच नहीं खेल पाए थे, यह जानना भी दिलचस्प होगा।
विराट कोहली 2025 इंग्लैंड वनडे सीरीज का पहला मैच मिस कर चुके हैं
अफगानिस्तान सीरीज से पहले विराट कोहली पिछले एक साल से भी ज्यादा समय से फिटनेस की वजह से एक भी मैच से बाहर नहीं हुए थे। विराट को फिटनेस से जुड़ी आखिरी दिक्कत फरवरी 2025 में आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी से ठीक पहले, इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के दौरान हुई थी। नागपुर में खेले गए वनडे मैच में विराट घुटने की चोट के कारण प्लेइंग XI से बाहर हुए थे। उनकी वो चोट ज्यादा गंभीर नहीं थी इसलिए वह दूसरे वनडे में वापसी करने में कमायाब रहे थे।
पहली बार इंजरी की वजह से पूरे वनडे सीरीज से बाहर हुए हैं विराट
कोहली के 18 साल के इंटरनेशनल करियर में यह पहली बार है जब वह किसी इंजरी के कारण पूरी वनडे सीरीज से बाहर हुए हैं। इससे पहले वह सिर्फ एहतियात के तौर पर या निजी कारणों की वजह से किसी वनडे मैच से बाहर हुए थे। आपको बता दें कि शारीरिक थकान और वर्कलोड की वजह से वह सिर्फ एक बार किसी बड़े टूर्नामेंट से हटे थे। दरअसल साल 2018 में खेले गए एशिया कप में उन्होंने आराम करने का फैसला किया था। वो एशिया कप वनडे फॉर्मेट में खेला गया था, जहां भारत ने फाइनल में बांग्लादेश को हराकर खिताब अपने नाम किया था।
विराट कोहली का आईपीएल 2026 में दमदार खेल
विराट कोहली टेस्ट और टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं और अब केवल आईपीएल और वनडे प्रारूप में खेलते हुए नजर आते हैं। पिछले कुछ समय से वह शानदार फॉर्म में चल रहे हैं। आईपीएल 2026 में उन्होंने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 16 मैचों में 675 रन बनाए। इस टूर्नामेंट के फाइनल में उन्होंने गुजरात टाइटंस के खिलाफ नाबाद 75 रनों की मैच जिताऊ पारी खेलकर टीम को खिताबी जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।


