नई दिल्ली : भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) पिछले कुछ वर्षों से महिला क्रिकेट को पुरुषों के बराबर स्तर पर लाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। इसी दिशा में महिला प्रीमियर लीग की शुरुआत, खिलाड़ियों को समान सैलरी, अंडर-19 और घरेलू ढांचे का विस्तार जैसे कई बड़े कदम उठाए गए हैं। अब इसी कड़ी में एक और अहम पहल की जा रही है, जहां पुरुष क्रिकेट की तरह भारतीय महिला टीम की ‘ए’ टीम भी विदेशी दौरे करेगी। इसकी शुरुआत जून में इंग्लैंड दौरे से होगी, जहां भारतीय महिला ए टीम 3-3 अनाधिकारिक टी20 और वनडे मैच खेलेगी।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड की तरफ से इस दौरे के लिए भारतीय महिला टीम के ए स्क्वाड चुने गए हैं। इसके लिए वनडे टीम की कमान हरलीन देओल को सौंपी गई है। जबकि टी20 टीम की कप्तानी युवा खिलाड़ी अनुष्का शर्मा करेंगी। यह प्रयास महिला क्रिकेट में भी भारतीय टीम की बेंच स्ट्रेंथ को तैयार करने के लिए किया जा रहा है। साथ ही WPL से आने वाले टैलेंट को भी निखारने की कोशिश है।
महिला प्रीमियर लीग (WPL) ने भारतीय महिला क्रिकेट को नई दिशा दी है और इसका असर अब साफ दिखाई दे रहा है। 2026 सीजन में शानदार प्रदर्शन के दम पर भारती फुलमाली और नंदनी शर्मा ने टीम इंडिया में अपनी जगह पक्की की है। इतना ही नहीं, दोनों खिलाड़ियों को 12 जून से शुरू होने वाले टी20 वर्ल्ड कप के लिए भी भारतीय महिला टीम के स्क्वाड में शामिल किया गया है। वहीं हरलीन देओल भी पिछले साल नवंबर में विश्व विजेता बनी भारतीय टीम का हिस्सा रह चुकी हैं, जो उनकी अहम भूमिका और अनुभव को दर्शाता है।
डेब्यू करते ही कप्तान बनीं, इंडिया ए टीम की संभाली जिम्मेदारी
अनुष्का शर्मा की बात करें तो उन्होंने हाल ही में साउथ अफ्रीका दौरे पर भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया था और अब कुछ ही समय में उन्हें इंडिया ए टीम की कप्तानी भी सौंप दी गई है। WPL 2026 में उनके शानदार प्रदर्शन ने इस फैसले में अहम भूमिका निभाई। इंडिया ए महिला टी20 टीम की उपकप्तान के रूप में वृन्दा दिनेश को चुना गया है, जबकि वनडे टीम की उपकप्तानी प्रतिका रावल संभालेंगी। दिलचस्प बात यह है कि यह दौरा उसी समय होगा, जब सीनियर भारतीय महिला टीम टी20 वर्ल्ड कप में हिस्सा ले रही होगी और इंग्लैंड में मुकाबले खेल रही होगी।
इंडिया ए बनाम इंग्लैंड ए सीरीज का शेड्यूल
- पहला टी20: 20 जून 2026, नॉर्थैम्पटन काउंटी ग्राउंड
- दूसरा टी20: 23 जून 2026, नॉर्थैम्पटन काउंटी ग्राउंड
- तीसरा टी20: 25 जून 2026, Chelmsford काउंटी ग्राउंड
- पहला वनडे: 28 जून 2026, Hove काउंटी ग्राउंड
- दूसरा वनडे: 1 जुलाई 2026, टॉन्टन
- तीसरा वनडे: 4 जुलाई 2026, टॉन्टन
इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय महिला ए टीम के स्क्वाड
टी20 इंडिया ए स्क्वाड: अनुष्का शर्मा (कप्तान), वृन्दा दिनेश (उपकप्तान), जी कमालिनी (विकेटकीपर), उमा छेत्री, वैष्णवी शर्मा, प्रेमा रावत, पूर्वजा वेर्लेकर, जिंतीमनी कलिता, साइमा ठाकुर, सिमरन शर्मा, श्वेता सेहरावत, दीया यादव, मिन्नू मनी, शबनम शकील, तनुजा कंवर।
वनडे इंडिया ए स्क्वाड: हरलीन देओल (कप्तान), प्रतिका रावल (उपकप्तान), प्रिया पूनिया, तनिषा सिंह, जी कमालिनी (विकेटकीपर), उमा छेत्री (विकेटकीपर), तेजल हसबनीस, निकी प्रसाद, प्रेमा रावत, तनुजा कंवर, वैष्णवी शर्मा, शबनम शकील, सयाली सतघरे, जिंतीमनी कलिता, साइमा ठाकुर।


