नई दिल्ली : इंग्लैंड के खिलाफ 3 मैचों की वनडे सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया ने सोमवार (2 नवंबर) को अपनी टीम की घोषणा कर दी। टीम में मैथ्यू रेनशॉ और कैमरन ग्रीन को जगह मिली है। दोनों खिलाड़ियों ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीसरे टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया का प्रतिनिधित्व किया था। वहीं, माहली बियर्डमैन को भी वनडे टीम में शामिल किया गया है। उन्होंने भारत दौरे पर अपने प्रदर्शन से प्रभावित किया था और अब उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में मौका मिला है।
21 वर्षीय तेज गेंदबाज बियर्डमैन ने वनडे में डेब्यू नहीं किया है। हालांकि, उन्हें वनडे टीम में 2024 में इंग्लैंड दौरे पर चुना गया था। वह ऑस्ट्रेलिया के लिए सिर्फ एक मैच टी20 में खेले हैं। पाकिस्तान दौरे पर इसी साल उन्होंने डेब्यू किया था। इस बीच ऑस्ट्रेलियाई चयनकर्ताओं ने जैक एडवर्ड्स, स्पेंसर जॉनसन और लियाम स्कॉट को भी वनडे टीम में वापस बुलाया है।
ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड सीरीज के लिए जोश इंग्लिस-ट्रैविस हेड को टीम में रखा
13, 15 और 18 नवंबर को घरेलू सरजमीं पर होने वाले तीन वनडे मैचों के लिए 14 सदस्यीय टीम में ग्रीन और रेनशॉ के अलावा एलेक्स कैरी, जोश इंग्लिस, ट्रैविस हेड और कूपर कोनोली के भी चुना गया है। ये खिलाड़ी साउथ अफ्रीका दौरे पर आखिरी टेस्ट में प्लेइंग 11 का हिस्सा थे।
इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज से कमिंस, स्टार्क और हेजलवुड बाहर
न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू सरजमीं पर टेस्ट सीरीज को देखते हुए पैट कमिंस, मिचेल स्टार्क और जोश हेजलवुड की अनुभवी तेज गेंदबाजों की तिकड़ी को नहीं चुना गया। दक्षिण अफ्रीका के तीन टेस्ट मैचों के दौरे के बाद, ये खिलाड़ी कुछ समय के लिए आराम करेंगे और फिर अपने घरेलू मैदानों और भारत में होने वाले लगातार 10 टेस्ट मैचों के लिए तैयारी शुरू करेंगे।
इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया की टीम
मिचेल मार्श (कप्तान), जेवियर बार्टलेट, माहली बियर्डमैन, एलेक्स कैरी, कूपर कोनोली, जैक एडवर्ड्स, कैमरन ग्रीन, टैविस हेड, जोश इंग्लिस, स्पेंसर जॉनसन, ओली पीक, मैथ्यू रेनशॉ, लियाम स्कॉट, एडम जम्पा।


