नई दिल्ली : इंडियन प्रीमियर लीग 2027 (आईपीएल) की नीलामी से पहले मुंबई इंडियंस ने शनिवार (17 अक्टूबर) को बड़ा ऐलान किया। श्रीलंका के दिग्गज खिलाड़ी महेला जयवर्धने अगले सत्र में टीम के मुख्य कोच की भूमिका में नजर नहीं आएंगे। जयवर्धने के मार्गदर्शन में मुंबई इंडियंस ने तीन बार आईपीएल का खिताब जीता। उनकी कोचिंग में टीम ने 2017, 2019 और 2020 में चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया था। जयवर्धने करीब एक दशक तक मुंबई इंडियंस से जुड़े रहे और इस दौरान उन्होंने टीम की सफलता में अहम भूमिका निभाई।
जयवर्धने को सबसे पहले आईपीएल 2027 से पहले मुंबई इंडियंस का हेड कोच नियुक्त किया गया था। वह 2022 सीजन तक इस पद पर बने रहे। इसके बाद, जब मुंबई इंडियंस ने एसए20, आईएलटी20 और एमएलसी जैसी विदेशी लीगों में अपना विस्तार किया तो जयवर्धने को ‘ग्लोबल हेड ऑफ परफॉरमेंस’ के पद पर प्रमोट कर दिया गया।
जयवर्धने की वापसी से मुंबई इंडियंस को मिली नई दिशा
2024 का सीजन बहुत खराब रहने के बाद आईपीएल 2025 से पहले जयवर्धने की हेड कोच के रूप में वापसी हुई और उन्होंने मार्क बाउचर की जगह ली। उस सीजन में मुंबई इंडियंस क्वालिफायर 2 तक पहुंचने में कामयाब रही। हालांकि, 2026 का सीजन निराशाजनक रहा, क्योंकि टीम अंक तालिका में सबसे नीचे से दूसरे स्थान पर रही।
आईपीएल रिटेंशन की उलटी गिनती शुरू, एक महीने से भी कम समय बाकी
मुंबई इंडियंस को जल्द एक नए हेड कोच की तलाश करनी होगी, क्योंकि 15 नवंबर को आईपीएल रिटेंशन की समय-सीमा खत्म होने में अब एक महीने से भी कम समय बचा है। आईपीएल 2027 की नीलामी दिसंबर के मध्य में गोवा में होने की उम्मीद है।
श्रीलंका के दिग्गज जयवर्धने का गौरवशाली क्रिकेट सफर
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सबसे सफल बल्लेबाजों में से एक जयवर्धने ने आईपीएल के शुरुआती वर्षों में एक बड़े स्टार थे। उन्होंने लीग के पहले छह सीजन में पंजाब किंग्स, कोच्चि टस्कर्स केरल और दिल्ली डेयरडेविल्स के लिए खेला। इनमें से बाद की दो टीमों के लिए वे कप्तान भी रहे। जयवर्धने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पांचवें सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने 652 मैचों में 54 शतकों और 136 अर्धशतकों की मदद से कुल 25,957 रन बनाए हैं।


