नई दिल्ली : भारत के एमएमए (मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स) फाइटर वरुण सान्याल को प्रतिस्पर्धा किए बिना ही रविवार (20 सितंबर) को एशियन गेम्स से हटना पड़ा। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार वह क्रूज जहाज पर ‘सौना बाथ’ के दौरान अत्यधिक थकान और डिहाइड्रेशन के कारण बेहोश हो गए। वरुण रविवार को होने वाली प्रतियोगिता के लिए अपना वजन कम करने की कोशिश कर रहे थे, इसी दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई। वरुण सान्याल प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद के सदस्य संजीव सान्याल के बेटे हैं।
27 वर्षीय सान्याल को रविवार को पुरुषों के 77 किग्रा वर्ग के क्वार्टरफाइनल मुकाबले में हिस्सा लेना था, लेकिन उन्हें प्रतियोगिता के लिए चिकित्सकीय रूप से अनफिट घोषित कर दिया गया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार भारतीय एमएमए खेल महासंघ के अध्यक्ष निखिल कुंदर ने बताया, ‘गनीमत रही कि नेपाल के एक खिलाड़ी ने उन्हें उस हालत में देखा और उन्हें होश में लाने की कोशिश की।
फिर वरुण ने मुझे फोन किया और हम उन्हें अस्पताल ले गए। चिंता की कोई बात नहीं थी। उन्हें रात करीब तीन बजे क्रूज जहाज पर वापस लाया गया। उन्हें पर्याप्त पानी दिया गया है और यहां डॉक्टर उनकी देखभाल कर रहे हैं। उनकी हालत स्थिर है, वह बात कर सकते हैं और अब खतरे से बाहर हैं।’


