ICC रैंकिंग में बड़ा बदलाव, इशान किशन नंबर-1; डेवाल्ड ब्रेविस टॉप-5 में, गिल को नुकसान

0

नई दिल्ली : आईसीसी ने टेस्ट और टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के बल्लेबाजों की ताजा रैंकिंग जारी कर दी है। टी20 रैंकिंग में इशान किशन शीर्ष स्थान पर बने हुए हैं, जबकि दक्षिण अफ्रीका के डेवाल्ड ब्रेविस ने शानदार प्रदर्शन के दम पर टॉप-5 में जगह बना ली है। भारत के अभिषेक शर्मा भी तीसरे स्थान पर अपनी स्थिति बरकरार रखने में सफल रहे हैं। वहीं, टेस्ट बल्लेबाजों की रैंकिंग में भारतीय कप्तान शुभमन गिल को दो स्थान का नुकसान हुआ है और वह खिसककर नौवें पायदान पर पहुंच गए हैं।

इशान किशन ने बरकरार रखा नंबर-1 का स्थान

टी20आई बल्लेबाजों की रैंकिंग में इशान किशन पहले स्थान पर बने हुए हैं जिनका रेटिंग अंक 910 है तो वहीं अभिषेक शर्मा तीसरे स्थान पर 819 रेटिंग अंक के साथ बने हुए हैं। डेवाल्ड ब्रेविस को इस रैंकिंग में फायदा हुआ है और वो 6 पायदान ऊपर चढ़कर चौथे स्थान पर आ गए और उनका रेटिंग अंक 806 है। तिलक वर्मा को एक स्थान का नुकसान हुआ और वो छठे से 7वें नंबर पर आ गए जबकि जोस बटलर को भी एक स्थान का नुकसान हुआ है और वो भी 7वें से आठवें नंबर पर आ गए। तिलक वर्मा के अब 750 रेटिंग अंक हैं।

शुभमन गिल को रैंकिंग में नुकसान

टेस्ट बल्लेबाजों की रैंकिंग की बात करें तो भारतीय कप्तान शुभमन गिल को 2 स्थान का नुकसान हुआ और वो 7वें से 9वें नंबर पर आ गए जबकि हैरी ब्रुक पहले स्थान पर बने हुए हैं। स्टीव स्मिथ को एक स्थान का फायदा हुआ और वो दूसरे स्थान पर चले गए जबकि जो रूट को एक स्थान का नुकसान हुआ और वो दूसरे से तीसरे नंबर पर आ गए। इस रैंकिंग में डेरिल मिचेल को फायदा हुआ और वो 9वें से 8वें नंबर पर आ गए जबकि कामिंदु मेंडिस दो स्थान की छलांग लगाते हुए 10वें नंबर पर आ गए।

जसप्रीत बुमराह को रैंकिंग में नुकसान

टेस्ट गेंदबाजी रैंकिंग में जसप्रीत बुमराह को एक स्थान का नुकसान हुआ है और वह दूसरे से खिसककर तीसरे पायदान पर पहुंच गए हैं। वहीं, इंग्लैंड के ओली रॉबिन्सन ने छह स्थान की छलांग लगाकर टॉप-5 में जगह बना ली है और अब वह पांचवें नंबर पर हैं। टेस्ट गेंदबाजों की रैंकिंग में ऑस्ट्रेलिया के मिचेल स्टार्क शीर्ष स्थान पर कायम हैं। टी20 गेंदबाजी रैंकिंग में अफगानिस्तान के राशिद खान का नंबर-1 स्थान बरकरार है, जबकि भारत के वरुण चक्रवर्ती एक पायदान ऊपर चढ़कर आठवें स्थान पर पहुंच गए हैं। पाकिस्तान के अबरार अहमद दूसरे और ऑस्ट्रेलिया के एडम जंपा तीसरे स्थान पर बने हुए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here