नई दिल्ली : एशियन गेम्स 2026 में भारतीय एथलीटों का पदक जीतने का सिलसिला जारी है। महिला शॉट पुट स्पर्धा में मनप्रीत कौर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। हालांकि, पुरुषों की 100 मीटर स्पर्धा में भारत को निराशा हाथ लगी। गुरिंदरवीर सिंह और अनिमेश कुजूर फाइनल के लिए क्वालिफाई नहीं कर सके। एथलेटिक्स में भारतीय खिलाड़ियों ने अलग-अलग स्पर्धाओं में चुनौती पेश की। आइए जानते हैं एशियन गेम्स के छठे दिन भारतीय एथलीटों का प्रदर्शन कैसा रहा…
मनप्रीत के नाम कांस्य, कृष्णा को मिली निराशा
मनप्रीत ने 17.17 मीटर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो किया और भारत के लिए कांस्य पदक सुनिश्चित किया। मनप्रीत के पास आगे बढ़ने का मौका था, लेकिन उनका आखिरी प्रयास फाउल रहा जिस कारण उन्हें कांस्य से संतोष करना पड़ा। भारत की एक अन्य एथलीट कृष्णा मेनन 16.57 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ पांचवें स्थान पर रहीं और पदक से चूक गईं। इस स्पर्धा का स्वर्ण और रजत पदक क्रमश: चीन की झी जिआयुआन (19.40 मीटर) और झांग लिनरू (18.14 मीटर) ने जीता। पटियाला की रहने वाली 36 वर्षीय मनप्रीत का पिछला बड़ा अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शन 2023 एशियाई चैंपियनशिप में कांस्य पदक था। उनका व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 18.06 मीटर है, जो उन्होंने 2022 में हासिल किया था।
फाइनल में जगह नहीं बना सके गुरिंदरवीर-अनिमेश
पुरुष 100 मीटर में भारत को निराशा मिली है और दोनों भारतीय फाइनल के लिए क्वालिफाई नहीं कर सके हैं। गुरिंदरवीर सिंह और अनिमेश कुजुर सेमीफाइनल से आगे नहीं बढ़ सके। गुरिंदरवीर ने 10.32 सेकेंड का समय लिया और वह ओवरऑल 11वें स्थान पर रहे। वहीं, अनिमेश 10.38 सेकेंड का समय लेकर ओवरऑल 18वें स्थान पर रहे। इन दोनों का ही प्रदर्शन फाइनल में पहुंचने के लिए काफी नहीं था। गुरिंदरवीर और अनिमेश से पदक लाने की काफी उम्मीद थी, लेकिन इन्होंने निराश किया।
हेप्टाथलान में पदक से चूकीं भारतीय एथलीट
महिला हेप्टाथलान में भारत को निराशा हाथ लगी। भारतीय एथलीट अनामिका केए और पूजा पदक जीतने में सफल नहीं रहीं। पूजा ने 800 मीटर दौड़ में 2:16.43 मिनट का समय निकालकर दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि अनामिका 2:18.06 मिनट के साथ तीसरे स्थान पर रहीं। हालांकि, दोनों के ये प्रदर्शन ओवरऑल स्टैंडिंग में पदक दिलाने के लिए पर्याप्त नहीं रहे। हेप्टाथलान की कुल स्पर्धाओं के बाद पूजा छठे, जबकि अनामिका सातवें स्थान पर रहीं।


