एमपीएल ने कई खिलाड़ियों को आईपीएल तक पहुंचाया, अब ऊंचे स्तर पर भी कर रहे हैं शानदार प्रदर्शन: रजत पाटीदार

0

NST NEWS, इंदौर। मध्य प्रदेश लीग (एमपीएल) के तीसरे सीजन की शुरुआत के साथ ही ग्वालियर चीता्स के कप्तान रजत पाटीदार ने लीग की सराहना करते हुए कहा कि यह प्रतियोगिता प्रदेश के युवा क्रिकेटरों को आगे बढ़ने का बेहतरीन मंच प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि एमपीएल से निकलकर कई खिलाड़ी आज आईपीएल और अन्य बड़े स्तरों पर अपनी पहचान बना चुके हैं।

होलकर स्टेडियम में उज्जैन फाल्कन्स के खिलाफ टीम के पहले मुकाबले के बाद रजत पाटीदार ने कहा कि एमपीएल ने पिछले कुछ वर्षों में प्रदेश के क्रिकेट को नई दिशा दी है। उन्होंने बताया कि इस लीग से कम से कम 10 से 11 खिलाड़ी आईपीएल तक पहुंचे हैं, जबकि 5 से 6 नए खिलाड़ियों ने भी अपनी प्रतिभा के दम पर पहचान बनाई है।

पाटीदार ने कहा, “यहां से निकले कई खिलाड़ियों को बड़े अवसर मिले हैं और वे अब ऊंचे स्तर पर भी शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। यह मध्य प्रदेश क्रिकेट के लिए बहुत सकारात्मक संकेत है।”

ग्वालियर चीता्स के कप्तान ने होलकर स्टेडियम से अपने भावनात्मक जुड़ाव का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उनका क्रिकेट करियर इसी मैदान से शुरू हुआ था और इस वजह से यहां खेलना हमेशा विशेष अनुभव रहता है। उन्होंने कहा, “जब भी मैं होलकर स्टेडियम आता हूं, मुझे बहुत अच्छा लगता है। इस मैदान से मेरी कई यादें जुड़ी हुई हैं।”

रजत पाटीदार ने टूर्नामेंट के उद्घाटन मुकाबले में बड़ी संख्या में पहुंचे दर्शकों का भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास जताया कि जैसे-जैसे टूर्नामेंट आगे बढ़ेगा, दर्शकों का समर्थन और बढ़ेगा तथा युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर अवसर मिलेगा।

एमपीएल का तीसरा सीजन प्रदेश के उभरते क्रिकेटरों के लिए एक महत्वपूर्ण मंच बना हुआ है। ग्वालियर चीता्स भी इस बार खिताब की मजबूत दावेदार टीमों में शामिल है। पिछले दो सत्रों में टीम फाइनल में पहुंचने से मामूली अंतर से चूक गई थी और इस बार बेहतर प्रदर्शन के इरादे से मैदान में उतरी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here