भोपाल। राजधानी के हिलाल जाफरी और इंदौर के प्रतीक सलूजा ने दूसरी मप्र राज्य मास्टर्स बैडमिंटन प्रतियोगिता में दोहरे खिताब जीते। हिलाल ने पंकज जैन को सीधे गेमों में 21-11, 21-15 से हराकर 40 वर्ष आयु समूह का एकल का खिताब जीता। इसी वर्ग में उन्होंने पवन प्रजापति के साथ मिलकर युगल खिताब भी अपने नाम किया। इसी तरह इंदौर के प्रतीक सलूजा ने 35 वर्ष आयु समूह में अमित सक्सेना 21-16, 21-16 से हराकर एकल खिताब जीता और फिर अमित सक्सेना को ही साथ लेकर पंकज जैन-डॉ पुलक शर्मा (भोपाल) को 21-13, 21-15 से हराते हुए डबल खिताब जीत लिए। भोपाल के कुलवंत पुरी-राजीव सक्सेना व जी शेखर-एनपी जायसवाल ने भी अपने-अपने वर्ग के युगल खिताब जीते। भोजपुर क्लब में आयोजित इस प्रतियोगिता के 45 वर्ष वर्ग में शीर्ष वरीयता प्राप्त भोपाल के कुलवंत पुरी व राजीव सक्सेना की जोड़ी ने आदेश गोलाश व मुकेश सिंह को 16-21 21-17, 21-19 से हराया। 60 वर्ष आयु वर्ग में जी शेखर व एनपी जायसवाल की जोड़ी ने भोपाल के ही विक्रम रॉय व पी विजयवर्गीय को 21-19, 21-18 से हराया। पुरस्कार वितरण एडीजी पवन जैन, आईजी आशुतोष राय, जयसिंह, भरत मिश्रा और आयोजन सचिव डा. समीर सिंह ने किया। समारोह में अनुभवी बैडमिंटन खिलाड़ी शैलेंद्र बागरे को सम्मानित किया गया।

