अंडर-15 दाऊ साहब कप में मयंक अकादमी और अभय गोस्वामी अकादमी की जीत

0

एनएसटी न्यूज, भोपाल। शहर में जारी बीडीसीए द्वारा आयोजित स्वर्गीय गोविंद नारायण सिंह “दाऊ साहब” कप अंडर-15 इंटर क्लब/अकादमी क्रिकेट टूर्नामेंट में शनिवार को दो मुकाबले खेले गए। पहला मैच बाबे अली मैदान पर एनसीसीसी अकादमी और अभय गोस्वामी क्रिकेट अकादमी के बीच हुआ। एनसीसीसी ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी की लेकिन टीम 34.1 ओवर में सिर्फ 74 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। अशमीत ने 17 रन बनाए। अभय गोस्वामी अकादमी की ओर से वेदांत और मयंक ने 3-3 विकेट झटके, जबकि युग ने 2 विकेट हासिल किए। लक्ष्य का पीछा करते हुए अभय गोस्वामी अकादमी ने 39.3 ओवर में 7 विकेट पर 75 रन बनाए और मैच 3 विकेट से जीत लिया। धैर्य तिवारी ने 45 रन की अहम पारी खेली। एनसीसीसी की तरफ से गेंदबाजी में अहमद ने 4 और कृष्णा ने 2 विकेट लिए।

दूसरा मुकाबला डीपीएस मैदान में मयंक क्रिकेट अकादमी और संजय गुप्ता क्रिकेट अकादमी के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी संजय गुप्ता अकादमी 36 ओवर में 85 रन बनाकर आउट हो गई। अनुग्रह काले ने 37 और जयदीप ने नाबाद 25 रन जोड़े। मयंक अकादमी की गेंदबाजी में ईशान तिवारी और वेद पाठक ने 3-3 विकेट झटके, जबकि ऋषव पांडे ने 2 विकेट लिए। छोटे लक्ष्य का पीछा करते हुए मयंक अकादमी ने 17.4 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 87 रन बनाकर मैच 7 विकेट से अपने नाम किया। आर्यवीर मेघवानी ने नाबाद 49 रन की शानदार पारी खेली। गेंदबाजी में नमन ने 2 विकेट लिए। टूर्नामेंट प्रवक्ता और भोपाल संभाग क्रिकेट संघ के उपाध्यक्ष डॉ. सुशील सिंह ठाकुर के अनुसार रविवार को कोई मैच नहीं खेला जाएगा। लीग मुकाबले सोमवार से फिर शुरू होंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here