एमबाप्पे ने दूर की चोट की चिंता, बोले- ‘मैं पूरी तरह ठीक हूं’

0

फॉक्सबोरो (मैसाचुसेट्स)। फ्रांस के कप्तान किलियन एमबाप्पे ने विश्व कप क्वार्टर फाइनल में मोरक्को पर 2-0 की जीत के बाद अपनी चोट को लेकर उठी सभी अटकलों पर विराम लगा दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि उनकी टखने में केवल हल्की चोट लगी है और वह पूरी तरह ठीक हैं। मुकाबले के दौरान एमबाप्पे के दाएं टखने में चोट लगी थी। फ्रांस की मेडिकल टीम ने मैदान पर उनका उपचार किया, जिसके बाद 77वें मिनट में उन्हें आराम देने के लिए बाहर बुला लिया गया। उनकी जगह जीन-फिलिप माटेटा मैदान पर उतरे। मैच के बाद एमबाप्पे को बेंच पर दाएं पैर पर बर्फ की सिकाई करते हुए देखा गया, जिससे प्रशंसकों की चिंता बढ़ गई थी।

हालांकि मैच समाप्त होने के बाद एमबाप्पे ने कहा, “मैं बिल्कुल ठीक हूं। टखने पर हल्की चोट लगी थी, लेकिन कोई परेशानी नहीं है। अंतिम 15 मिनट माटेटा मुझसे बेहतर स्थिति में थे, इसलिए उन्हें मैदान पर भेजा गया।” टीम से जुड़े सूत्रों ने भी पुष्टि की कि उनकी चोट गंभीर नहीं है। मोरक्को के खिलाफ मुकाबले में एमबाप्पे ने शानदार प्रदर्शन किया। पहले हाफ में पेनल्टी चूकने के बावजूद उन्होंने दूसरे हाफ में गोल कर टूर्नामेंट में अपने गोलों की संख्या आठ कर ली। इसके साथ ही उन्होंने लियोनेल मेसी की बराबरी कर ली। इसके अलावा उन्होंने उस्मान डेम्बेले के गोल में निर्णायक असिस्ट भी दिया।

विश्व कप 2026 में अब तक एमबाप्पे के 8 गोल और 3 असिस्ट, यानी कुल 11 गोल योगदान हो चुके हैं। वह लगातार दूसरे विश्व कप में 10 या उससे अधिक गोल योगदान देने वाले 1966 के बाद पहले खिलाड़ी बन गए हैं। साथ ही 1970 में जर्मनी के गर्ड म्यूलर के बाद किसी एक विश्व कप में सबसे अधिक गोल योगदान करने वाले खिलाड़ी भी बन गए हैं।फ्रांस अब सेमीफाइनल में स्पेन और बेल्जियम के बीच होने वाले विजेता से भिड़ेगा। एमबाप्पे ने कहा कि टीम का पूरा ध्यान रिकवरी पर है और अगले मुकाबले के लिए फ्रांस पूरी तरह तैयार रहेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here