MCA ने जारी की लिस्ट, 8 खिलाड़ियों को मिला आइकन खिलाड़ियों का दर्जा

0

नई दिल्ली: मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन ने 26 मई से शुरू हो रहे टी20 मुंबई लीग 2025 सीजन के लिए आइकन खिलाड़ियों की लिस्ट का ऐलान किया जिसमें भारत के टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव, श्रेयस अय्यर और अजिंक्य रहाणे समेत 8 खिलाड़ियों को रखा गया। टी20 मुंबई लीग की वापसी 6 साल के बाद हो रही है और ये आईपीएल 2025 के तुरंत बाद खेली जाएगी। इस लीग का समापन 8 मई को होगा।

इस लीग के आइकन खिलाड़ियों की सूची में मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन ने सूर्यकुमार यादव, श्रेयस अय्यर, अजिंक्य रहाणे के अलावा सरफराज खान, शार्दुल ठाकुर, पृथ्वी शॉ, शिवम दुबे और तुषार देशपांडे को रखा है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार एमसीए के अध्यक्ष अजिंक्य नाइक ने कहा कि हमें 8 आइकन खिलाड़ियों के नाम की घोषणा करते हुए खुशी हो रही है जिन्होंने घरेलू और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने प्रदर्शन से मुंबई को बहुत गौरव दिलाया है। वे मुंबई क्रिकेट की भावना और विरासत प्रतिनिधित्व करते हैं। उनके इस लीग में शामिल होने से ना सिर्फ उभरती हुई प्रतिभाओं को प्रेरणा मिलेगी बल्कि उनके लिए एक सीखने का अवसर भी होगा क्योंकि हम भारत के क्रिकेट सितारों की अगली पीढ़ी की खोज के लिए प्रतिबद्ध हैं। लीग में इन खिलाड़ियों की मौजूदगी से इसका कद भी बढ़ेगा और प्रशंसकों को एक रोमांचक और यादगार अनुभव मिलेगा।

मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (एमसीए) ने अपने सभी भारतीय खिलाड़ियों के लिए टी20 मुंबई लीग में भाग लेना अनिवार्य कर दिया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार एमसीए ने हाल ही में भारत के वनडे और टेस्ट कप्तान रोहित शर्मा को अपने लीग का फेस घोषित किया था। एमसीए के एक अधिकारी ने बताया कि मुंबई के लिए खेलने वाले सभी भारतीय खिलाड़ियों को सूचित कर दिया गया है कि उन्हें टी20 मुंबई लीग में खेलना होगा, जो आईपीएल के बाद शुरू होगी। यह अनिवार्य है जब तक कि भारत के लिए प्रतिबद्ध या चोटिल खिलाड़ी इसे छोड़ न दें।

एमसीए सभी भारतीय खिलाड़ियों को उनकी नीलामी राशि के अलावा 15-15 लाख रुपये का भुगतान करेगा। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार भारतीय खिलाड़ियों को एसोसिएशन द्वारा भागीदारी शुल्क के रूप में 15 लाख रुपये अलग से दिए जाएंगे, साथ ही वे नीलामी शुल्क से अलग से कमाई करेंगे। हम बेस प्राइस और अन्य विवरणों पर काम कर रहे हैं। प्रत्येक फ्रैंचाइजी को अपने दल के हिस्से के रूप में एक आइकन खिलाड़ी चुनने की अनुमति होगी, जिससे उनके लाइन-अप में अनुभव और स्टार पावर दोनों जुड़ जाएंगे। एमसीए जल्द ही नीलामी की तारीख की घोषणा करेगा। अगले सीजन के लिए लगभग 2800 स्थानीय क्रिकेटरों ने पंजीकरण कराया है और इसकी लीग के लिए नीलामी मई में होगी। एसोसिएशन 26 मई से 5 जून तक आईपीएल के ठीक बाद अपनी लीग शुरू करने की योजना बना रहा है।

टी-20 मुंबई लीग में हिस्सा लेने वाली आठ फ्रेंचाइजी

नॉर्थ मुंबई पैंथर्स, एआरसीएस अंधेरी, ट्रायम्फ नाइट्स मुंबई नॉर्थ ईस्ट, नमो बांद्रा ब्लास्टर्स, ईगल थाने स्ट्राइकर्स, आकाश टाइगर्स मुंबई वेस्टर्न सबअर्ब्स, सोबो मुंबई फाल्कन्स और मुंबई साउथ सेंट्रल मराठा रॉयल्स।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here