28.2 C
New Delhi
Saturday, March 14, 2026

कटारा-बर्रई में बनेगा पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्पोर्ट्स स्टेडियम, कोलार क्षेत्र को मिला विकास कार्यों का बड़ा पैकेज, 194 करोड़ की सौगात

एनएसटी न्यूज, भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप गरीब, किसान, महिला और युवा कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है। इसी क्रम में मंगलवार को कोलार क्षेत्र के श्यामा प्रसाद मुखर्जी नगर में 194 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का शुभारंभ और लोकार्पण किया गया। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। कार्यक्रम में कटारा-बर्रई क्षेत्र में पंडित दीनदयाल उपाध्याय के नाम पर बड़े स्पोर्ट्स स्टेडियम के निर्माण की घोषणा की गई। इसके साथ ही कोलार में 16 एकड़ भूमि पर नया दशहरा मैदान, और कानून व्यवस्था मजबूत करने के लिए कजलीखेड़ा में नया थाना खोले जाने की घोषणा भी की गई।

मुख्यमंत्री ने बताया कि कोलार क्षेत्र में 9 एकड़ में तैयार डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी मल्टी स्पोर्ट्स स्टेडियम युवाओं के लिए बड़ा प्लेटफॉर्म साबित होगा। लगभग 11 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से बने इस आधुनिक खेल परिसर में खिलाड़ियों को ट्रेनिंग और अभ्यास की बेहतर सुविधा मिलेगी। सरकार पारंपरिक खेलों जैसे मलखंब, कबड्डी और घुड़सवारी को भी बढ़ावा दे रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के पदक विजेता खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियों में स्थान दिया जा रहा है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कटारा-बर्रई में 29 करोड़ रुपये से बने सांदीपनि विद्यालय का लोकार्पण भी किया। उन्होंने कहा कि यह विद्यालय आधुनिक शिक्षा सुविधाओं और बेहतर संसाधनों से लैस होगा, जिससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च गुणवत्ता की शिक्षा मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने अमृत 2.0 परियोजना के तहत 155 करोड़ रुपये की लागत से शुरू हो रहे विभिन्न अधोसंरचना कार्यों की जानकारी भी दी। इस परियोजना में 700 किलोमीटर लंबा सीवेज नेटवर्क, 171 एमएलडी क्षमता वाले 9 सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट और 1 लाख 21 हजार घरों के सीवेज कनेक्शन शामिल हैं। परियोजना पूरी होने पर भोपाल का सीवेज नेटवर्क 60 प्रतिशत तक बढ़ जाएगा और लगभग 7 लाख लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में गुंडे-बदमाशों पर सख्त कार्रवाई जारी है।

साथ ही शहर के प्रमुख मार्गों पर महापुरुषों के नाम पर 7 भव्य द्वार बनने की योजना पर भी काम हो रहा है। 13 दिसंबर को इंदौर-सीहोर मार्ग पर विक्रमादित्य द्वार का भूमिपूजन किया जाएगा। कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग, स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह, विधायक रामेश्वर शर्मा, महापौर मालती राय सहित बड़ी संख्या में नागरिक और खेल प्रेमी उपस्थित थे।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

15,780FansLike
2,290FollowersFollow
5,445SubscribersSubscribe

Latest Articles