एनएसटी न्यूज, भोपाल। एम्स भोपाल में फैकल्टी, स्टाफ और विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य तथा कार्य–जीवन संतुलन को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से 23 से 27 फरवरी 2026 तक कैरम एवं शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन एम्स भोपाल के स्वास्थ्य एवं कल्याण केंद्र की पहल पर किया जा रहा है। संस्थान प्रशासन के अनुसार, इस प्रतियोगिता का उद्देश्य कार्य के दबाव के बीच कर्मचारियों और विद्यार्थियों को मानसिक रूप से स्वस्थ, ऊर्जावान और संतुलित बनाए रखना है। कैरम और शतरंज जैसे बौद्धिक खेल न केवल मनोरंजन प्रदान करते हैं, बल्कि एकाग्रता, धैर्य, रणनीतिक सोच और सकारात्मक दृष्टिकोण को भी विकसित करते हैं। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को आपसी संवाद बढ़ाने, तनाव कम करने और सहयोग की भावना विकसित करने का अवसर मिलेगा।


