मेसी ने फिर दिखाया कमाल, इंटर मियामी ने 4-2 से जीता मुकाबला

0

नई दिल्ली : फीफा विश्व कप 2026 के फाइनल में 19 जुलाई को अर्जेंटीना को स्पेन के हाथों 1-0 की हार का सामना करना पड़ा था। इस हार ने लियोनेल मेसी और उनके प्रशंसकों को निराश जरूर किया, लेकिन महान खिलाड़ी ने ज्यादा देर तक खुद को पीछे नहीं रहने दिया। विश्व कप के बाद मैदान पर लौटते ही मेसी ने एक बार फिर अपनी क्लास दिखाई। लीग्स कप 2026 में इंटर मियामी की ओर से खेलते हुए मेसी ने एटलेटिको सैन लुइस के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने मैच में दो गोल दागकर टीम की 4-2 की जीत में अहम भूमिका निभाई। विश्व कप फाइनल की निराशा को पीछे छोड़ते हुए मेसी पूरे आत्मविश्वास और बेहतरीन लय में नजर आए, जिससे साफ हो गया कि उनका जादू अभी भी बरकरार है।

दो गोल दाग मेसी ने फिर दिखाया अपना जादू

39 साल के मेसी ने इसी टूर्नामेंट में शनिवार को कोलंबस क्रू के साथ 2-2 से ड्रॉ रहे मैच में सब्स्टीट्यूट के तौर पर 37 मिनट खेले थे। मेसी ने एटलेटिको सैन लुइस के खिलाफ 11वें और 44वें मिनट में गोल किए और अब लीग कप के 12 मैचों में उनके 14 गोल हो गए हैं जो इस टूर्नामेंट के चार साल के इतिहास में सबसे ज्यादा गोल करने के मामले में लॉस एंजिल्स एफसी के डेनिस बुआंगा से एक ज्यादा है। इस मुकाबले में इंटर मियानी के लिए मेसी के अलावा टेलास्को सेगोविया और डिफेंडर माइकेल ने भी गोल किए और नोआ एलन ने तीन असिस्ट किए जिससे इंटर मियामी का बिना हारे लगातार आठ मैच खेलने का सिलसिला जारी रहा।

कोलंबस क्रू के खिलाफ पिछले मुकाबले में गोल करने से चूके लियोनेल मेसी ने एटलेटिको सैन लुइस के खिलाफ अपनी लय शानदार अंदाज में वापस हासिल की। मैच की शुरुआत में डेविड रोड्रिगेज के हेडर से सैन लुइस को बढ़त मिली, लेकिन मेसी ने ज्यादा देर तक विपक्ष को आगे नहीं रहने दिया। एलन के शानदार लॉन्ग क्रॉस पर उन्होंने गोलकीपर आंद्रेस सांचेज को छकाते हुए बेहतरीन फिनिश के साथ स्कोर 1-1 कर दिया। इसके बाद मेसी ने पहले हाफ में एक और गोल दागा और स्टॉपेज टाइम में माइकेल के हेडर वाले गोल में अहम भूमिका निभाते हुए असिस्ट भी किया। सैन लुइस की ओर से राफा लोरेंटे ने भी एक गोल किया। गौरतलब है कि मेसी ने इंटर मियामी से जुड़ने के कुछ ही समय बाद 2023 में क्लब को पहला लीग्स कप खिताब दिलाया था। पिछले साल भी इंटर मियामी फाइनल तक पहुंची थी, लेकिन वहां सिएटल से 3-0 से हार गई। उस मुकाबले का अंत लुइस सुआरेज से जुड़ी हाथापाई के कारण विवादों में रहा था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here