म्हात्रे चमके, इंग्लैंड के हेड कोच का टूटा रिकॉर्ड – पर बादलों ने छीन ली इंडिया U19 की जीत

0

नई दिल्ली: इंडिया अंडर-19 बनाम इंग्लैंड अंडर-19 के बीच खेला गया दूसरा यूथ टेस्ट मैच भी बिना किसी नतीजे के समाप्त हो गया। इंग्लैंड ने भारत को जीत के लिए 355 रन का लक्ष्य दिया था। जवाब में भारत ने दूसरी पारी में मात्र 43 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर 290 रन बना लिए थे। कनिष्क चौहान 18 गेंदों में 12 रन और हरवंश पंगलिया 39 गेंदों में 29 रन बनाकर नाबाद थे। टीम को जीत के लिए सिर्फ 65 रन और चाहिए थे, लेकिन खराब रोशनी और मौसम के चलते मुकाबला ड्रॉ पर खत्म हुआ।

बारिश थमी, उम्मीद जगी — लेकिन रोशनी ने बिगाड़ा खेल

इंडिया टीम जीत के बेहद करीब पहुंच चुकी थी और बल्लेबाज़ी में भी शानदार लय थी। लेकिन तभी बारिश और खराब रोशनी ने बीच में बाधा डाल दी, जिससे मुकाबला ड्रॉ पर खत्म हुआ। पहले बारिश और फिर खराब रोशनी के चलते पूरा मैच नहीं हो पाया और आयुष म्हात्रे की अगुआई और वैभव सूर्यवंशी, विहान मल्होत्रा जैसे होनहार युवाओं वाली इंडिया अंडर 19 टीम का सपना टूट गया। इंडिया अंडर-19 बनाम इंग्लैंड अंडर-19 दो यूथ टेस्ट की सीरीज का पहला मैच भी ड्रॉ रहा था।

आयुष म्हात्रे का धमाका, एक मैच में टूटे कई रिकॉर्ड

इंडिया अंडर-19 बनाम इंग्लैंड अंडर-19 यूथ टेस्ट सीरीज़ भले ही ड्रॉ पर समाप्त हुई हो, लेकिन इस सीरीज़ में कप्तान आयुष म्हात्रे ने अपने बल्ले से खास छाप छोड़ी। उन्होंने लगातार दो शतक जड़कर कई पुराने रिकॉर्ड तोड़े और खुद को एक भरोसेमंद कप्तान और बल्लेबाज़ के रूप में साबित किया। उनका प्रदर्शन टीम इंडिया के उज्ज्वल भविष्य की ओर इशारा करता है। आयुष म्हात्रे सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बने। उन्होंने 2 यूथ टेस्ट मैच में 85.00 के औसत और 103.66 के स्ट्राइक रेट से 340 रन बनाए। विहान मल्होत्रा दूसरे नंबर पर रहे। विहान ने 2 मैच में 69.25 के औसत और 79.83 के स्ट्राइक रेट से 277 रन बनाए।

आयुष म्हात्रे ने ठोका तीसरा सबसे तेज यूथ टेस्ट शतक, गेंदबाज़ों की उड़ाईं धज्जियां

आयुष म्हात्रे ने दूसरे टेस्ट की दूसरी पारी में तूफानी अंदाज़ में बल्लेबाज़ी करते हुए 80 गेंदों में 126 रन ठोक दिए। इस दौरान उन्होंने 13 चौके और 6 छक्के जड़े, जिससे इंग्लिश गेंदबाज़ों पर दबाव बना रहा। खास बात यह रही कि उन्होंने महज 64 गेंदों में अपना शतक पूरा कर यूथ टेस्ट इतिहास में अपना नाम दर्ज करवा लिया। इससे वह इतिहास का तीसरा सबसे तेज यूथ टेस्ट शतक लगाने वाले खिलाड़ी बने। यूथ टेस्ट मैच में उनसे तेज सिर्फ मोईन अली (56 गेंद) और वैभव सूर्यवंशी (58) ही शतक लगा पाए हैं। चेन्नई सुपर किंग्स के इस खिलाड़ी ने पहली पारी में भी शानदार प्रदर्शन किया और 14 चौके तथा एक छक्के की मदद से केवल 90 गेंद में 80 रन ठोक दिए थे।

तेज़ शतक में आयुष ने तोड़ा मैकुलम का रिकॉर्ड, मचा क्रिकेट जगत में हलचल

इस तरह आयुष म्हात्रे ने एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम की। वह यूथ टेस्ट क्रिकेट में 100 से अधिक स्ट्राइक रेट के साथ 200 से ज्यादा रन बनाने वाले सिर्फ दूसरे बल्लेबाज़ बने हैं। उनसे पहले यह कारनामा इंग्लैंड के मौजूदा हेड कोच और न्यूजीलैंड के दिग्गज ब्रेंडन मैकुलम ने किया था। आयुष की यह पारी न सिर्फ तेज़ थी, बल्कि तकनीक और आक्रामकता का बेहतरीन मिश्रण भी रही। युवा मुंबईकर ने 121.17 की स्ट्राइक रेट के साथ रैंकिंग में ब्रेंडन मैकुलम के 2001 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ यूथ टेस्ट में 108.41 से भी अधिक रैंकिंग हासिल की। न्यूजीलैंड अंडर 19 के तत्कालीन कप्तान ब्रेंडन मैकुलम ने पहली पारी में 172 गेंदों पर 186 रन (स्ट्राइक रेट: 108.13) बनाए और दूसरी पारी में 42 गेंदों पर नाबाद 46 रन (स्ट्राइक रेट:109.52) जोड़े थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here