वेस्टइंडीज के धाकड़ बल्लेबाज निकोलस पूरन को MI ने दी बड़ी जिम्मेदारी

0

नई दिल्ली: आईपीएल 2025 सीजन के समापन के बाद मेजर लीग क्रिकेट के आगामी सीजन के लिए टीमें अपनी तैयारियों में जुटी हैं और इसी बीच एक बड़ी खबर सामने आई है। वेस्टइंडीज के धाकड़ बल्लेबाज निकोलस पूरन को MI न्यूयॉर्क का कप्तान बनाया गया है। पूरन ने हाल ही में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास ले लिया था, और अब वह पूरी तरह से टी20 क्रिकेट पर ध्यान दे रहे हैं। उन्होंने इस जिम्मेदारी में अपने पुराने साथी और दिग्गज खिलाड़ी किरोन पोलार्ड की जगह ली है।

2023 में शुरू हुआ पूरन का शानदार सफर

निकोलस पूरन का MI न्यूयॉर्क के साथ रिश्ता 2023 में शुरू हुआ, जब उन्हें उद्घाटन सीजन के लिए ड्राफ्ट किया गया था। पहले ही सीजन में उन्होंने अपनी बल्लेबाजी से सबका दिल जीत लिया। फाइनल में सिएटल ऑर्कस के खिलाफ 55 गेंदों में नाबाद 137 रनों की तूफानी पारी खेलकर उन्होंने MI न्यूयॉर्क को खिताब दिलाया। पूरन उस सीजन में 388 रनों के साथ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे और दूसरे स्थान पर रहे सिएटल के क्विंटन डी कॉक (264 रन) से 124 रन आगे थे। उनकी कप्तानी में MI न्यूयॉर्क एक बार फिर खिताब की दावेदारी पेश करने को तैयार है।

पूरन का MI के साथ पुराना नाता

पूरन का मुंबई इंडियंस (MI) फ्रेंचाइजी के साथ पुराना नाता है। 2017 में उन्हें IPL के लिए MI ने खरीदा था, हालांकि उस सीजन में उन्हें खेलने का मौका नहीं मिला। इसके बाद वे किंग्स XI पंजाब (अब पंजाब किंग्स), सनराइजर्स हैदराबाद और अब लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए खेल चुके हैं। भले ही MI के साथ उनका IPL अनुभव ज्यादा सुखद न रहा हो, लेकिन उन्होंने MI की ILT20 टीम, MI एमिरेट्स के लिए यूएई में शानदार प्रदर्शन किया है। अब MLC में MI न्यूयॉर्क की कप्तानी संभालकर वे इस फ्रेंचाइजी के साथ एक नई कहानी लिखने को तैयार हैं।

नए कप्तानों

पूरन अकेले नहीं हैं जिन्हें नई जिम्मेदारी मिली है। ऑस्ट्रेलिया के स्टार ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल को वॉशिंगटन फ्रीडम का कप्तान बनाया गया है। मैक्सवेल ने हाल ही में वनडे क्रिकेट से संन्यास लिया है ताकि अगले साल होने वाले टी20 वर्ल्ड कप की तैयारी पर ध्यान दे सकें। उन्होंने स्टीवन स्मिथ की जगह ली है, जो पिछले सीजन में फ्रीडम के कप्तान थे।

वहीं कोरी एंडरसन सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स की कप्तानी जारी रखेंगे। न्यूजीलैंड के लिए लंबे समय तक खेलने के बाद अब यूएसए का प्रतिनिधित्व करने वाले एंडरसन MLC की छह टीमों में इकलौते “लोकल” कप्तान हैं। दूसरी ओर सिएटल ऑर्कस ने हेनरिक क्लासेन को एक बार फिर कप्तान बनाए रखने का फैसला किया है। हालांकि, दो टीमें-लॉस एंजिल्स नाइट राइडर्स और टेक्सास सुपर किंग्स ने अभी तक अपने कप्तानों की घोषणा नहीं की है। पिछले सीजन में इन टीमों की कमान क्रमशः सुनील नरेन और फाफ डु प्लेसिस ने संभाली थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here