नई दिल्ली : आईपीएल 2026 के 20वें मुकाबले में विराट कोहली ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 50 रन की अर्धशतकीय पारी खेली, जिसकी बदौलत आरसीबी ने 240 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। हालांकि इसके बाद कोहली फील्डिंग के लिए मैदान पर नहीं उतरे और ड्रेसिंग रूम में बिना प्लेइंग किट के बैठे नजर आए, जिससे उनकी फिटनेस को लेकर सवाल उठने लगे। वहीं मुंबई इंडियंस की पारी की शुरुआत में रोहित शर्मा ने अच्छी लय दिखाई, लेकिन छठे ओवर में वह अचानक रिटायर्ड हर्ट होकर पवेलियन लौट गए, जिसने टीम इंडिया के फैंस की चिंता और बढ़ा दी।
पहले विराट और फिर रोहित के रिटायर्ड हर्ट होने से टीम इंडिया की टेंशन बढ़ गईं। यह दोनों खिलाड़ी भारत की वनडे टीम का हिस्सा हैं। आईपीएल के बाद भारत को अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज भी खेलनी है। फिर अगले साल होने वाले वनडे वर्ल्ड कप के लिहाज से दोनों की फिटनेस और फॉर्म टीम इंडिया के लिए बेहद जरूरी है। ऐसे में इससे फैंस और टीम मैनेजमेंट की चिंताएं जरूर बढ़ी होंगी।
रोहित-कोहली मैदान से बाहर क्यों? जानें बड़ी वजह
विराट कोहली ने इस मैच में 38 गेंद पर 50 रन की पारी खेली लेकिन वह फील्डिंग के लिए नहीं उतरे। क्रिकबज के मुताबिक उनके एंकल (पैर के टखने) में समस्या की जानकारी मिली। इसी कारण वह आरसीबी की गेंदबाजी के दौरान फील्डिंग के लिए नहीं उतरे। वह आरसीबी की गेंदबाजी में ड्रेसिंग रूम में बैठे दिखे। विराट बल्लेबाजी के दौरान हालांकि पूरी तरह फिट लग रहे थे, बाद में यह दिक्कत सामने आई।
रोहित शर्मा ने पारी की शुरुआत शानदार अंदाज में की और जैकब डफी के खिलाफ आगे बढ़कर एक बेहतरीन छक्का भी जड़ा। वह अच्छी लय में नजर आ रहे थे और छठे ओवर तक 13 गेंदों में 19 रन बनाकर खेल रहे थे। हालांकि रसिक सलाम के ओवर की दूसरी गेंद पर मिडविकेट की ओर शॉट खेलने की कोशिश के दौरान उन्हें अचानक हैमस्ट्रिंग में परेशानी महसूस हुई। इसके बाद फिजियो मैदान पर आए, लेकिन स्थिति गंभीर होने के कारण रोहित को रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान छोड़ना पड़ा, जिससे टीम और फैंस दोनों की चिंता बढ़ गई।


