नई दिल्ली : दुनिया की शीर्ष महिला खिलाड़ियों में शामिल एरिना सबालेंका और एलेना रिबाकिना गुरुवार को मियामी ओपन के सेमीफाइनल में आमने-सामने होंगी। दोनों ने अपने-अपने क्वार्टर फाइनल मुकाबले जीतकर अंतिम चार में जगह बनाई। विश्व नंबर एक सबालेंका ने बुधवार को अमेरिकी खिलाड़ी हैली बैपटिस्टे को 6-4, 6-4 से हराया।
इससे पहले उन्होंने इंडियन वेल्स के फाइनल में भी रिबाकिना को हराकर खिताब अपने नाम किया था। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार सबालेंका ने कहा कि यह निश्चित रूप से एक बड़ी लड़ाई होगी। हमेशा संघर्ष और हमेशा चुनौतीपूर्ण मुकाबला होता है। इस जीत के साथ बेलारूस की डिफेंडिंग चैंपियन सबालेंका का इस साल का रिकॉर्ड 21-1 हो गया है। करियर मुकाबलों में भी वह रिबाकिना पर 9-7 की बढ़त रखती हैं।
वहीं, एलेना रिबाकिना ने एक सेट गंवाने के बाद वापसी करते हुए जेसिका पेगुला को 2-6, 6-3, 6-4 से हराकर मियामी ओपन के अंतिम चार में जगह बनाई। यह तीसरी बार है जब रिबाकिना इस टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में प्रवेश कर रही हैं। इस जीत के साथ उन्होंने पेगुला पर लगातार पांचवीं जीत दर्ज की, जिसमें इस सीजन के आस्ट्रेलियन ओपन और इंडियन वेल्स की जीत भी शामिल हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार रिबाकिना ने कहा, “जेसिका के साथ मुकाबले हमेशा मुश्किल होते हैं। मैंने अच्छी शुरुआत की, लेकिन थोड़ी जल्दबाजी और निराशा में थी। मुझे खुशी है कि मैं वापसी कर सकी और दूसरे सेट में मैच पलट दिया।”


