नई दिल्ली : ऑस्ट्रेलिया के आगामी क्रिकेट कैलेंडर के दो सबसे बड़े आयोजनों के लिए माइकल हसी को कोचिंग स्टाफ में शामिल किया गया है। उन्हें 2027 की एशेज सीरीज और पुरुष क्रिकेट विश्व कप के लिए कंसल्टेंट कोच नियुक्त किया गया है। इसके अलावा, वह 2028 लॉस एंजिल्स ओलंपिक और पुरुष टी20 विश्व कप की तैयारियों के पूरे चक्र के दौरान ऑस्ट्रेलियाई टीम के टी20 सलाहकार की भूमिका भी निभाएंगे।
हसी को ऑस्ट्रेलिया के कोचिंग स्टाफ में ऐसे समय पर एंट्री मिली है जब चेन्नई चेन्नई सुपर किंग्स के बैटिंग कोच के रूप में उनका आठ साल का कार्यकाल हाल ही में समाप्त हुआ है। वह 2018 से इस भूमिका में थे, लेकिन इस साल फ्रेंचाइजी द्वारा नए कोचिंग स्टाफ के साथ फिर से शुरुआत करने के फैसले के बाद उन्हें इस जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया गया।
टी20 क्रिकेट में माइकल हसी की भूमिका होगी और भी व्यापक
ऑस्ट्रेलिया के साथ हसी का कार्यकाल इसी महीने के आखिर में शुरू होगा, जब ऑस्ट्रेलिया अपनी धरती पर इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज खेलेगा। न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज की तैयारी में भी हसी टीम की मदद करेंगे। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) ने एक विज्ञप्ति में बताया कि टी20 में हसी की भूमिका काफी व्यापक है, जिसमें “अभियान की रणनीति, विरोधी टीम की जानकारी, खिलाड़ियों की खोज और उनके प्रदर्शन” जैसे कई पहलू शामिल हैं।
एंड्रयू मैकडोनाल्ड लेंगे आराम
क्रिकेट से संन्यास के बाद हसी ने आईपीएल के अलावा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी कोचिंग करियर बनाया और ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड दोनों के साथ काम किया। जब इंग्लैंड ने 2022 पुरुष टी20 विश्व कप जीता, तब हसी उनके कोचिंग स्टाफ का हिस्सा थे। इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के दौरान ऑस्ट्रेलिया के मुख्य कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड आराम लेंगे।
आंद्रे बोरोवेक संभालेंगे टीम की जिम्मेदारी
मैकडोनाल्ड की जगह सहायक कोच आंद्रे बोरोवेक जिम्मेदारी संभालेंगे। वह पिछले तीन सालों में कई टी20 सीरीज के दौरान ऐसा कर चुके हैं, जब मैकडोनाल्ड बड़ी सीरीज की तैयारी के लिए आराम लेते थे। इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में हसी, बोरोवेक और युवा खिलाड़ियों की टीम के साथ सलाहकार के तौर पर काम शुरू करेंगे।


