मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने खेल एवं युवा कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक में दिए अहम निर्देश

0

एनएसटी न्यूज, भोपाल: खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने सोमवार को मंत्रालय स्थित अपने कक्ष में केंद्रीय बजट वर्ष 2026-27 के संदर्भ में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। मंत्री सारंग ने विभाग के लिए स्वीकृत प्रावधानों और निर्धारित लक्ष्यों को तय समय-सीमा में हासिल करने हेतु ठोस और पृथक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ हर खिलाड़ी और युवाओं तक पहुंचे, इसके लिए सतत निगरानी और परिणामोन्मुखी कार्यप्रणाली अपनाई जाए। मंत्री ने हर विधानसभा क्षेत्र में युवा शक्ति मिशन की रूपरेखा तैयार करने के निर्देश दिए। इस मिशन के तहत युवाओं को नेतृत्व विकास, कौशल प्रशिक्षण और खेल गतिविधियों से जोड़ा जाएगा ताकि प्रदेश का युवा वर्ग विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभा सके।

सारंग ने युवा कल्याण गतिविधियों को और अधिक सशक्त एवं व्यापक बनाने के लिए संभाग स्तरीय कार्यक्रमों के आयोजन पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के युवाओं को समान अवसर प्राप्त होंगे और उनकी प्रतिभाओं को उचित मंच मिलेगा। मंत्री ने खिलाड़ियों, कोचों और तकनीकी विशेषज्ञों के सतत कौशल उन्नयन पर ध्यान देने के साथ विभाग की उपलब्धियों, नवाचारों और सफल मॉडलों के प्रभावी प्रचार-प्रसार का महत्व रेखांकित किया। उन्होंने पीपीपी मॉडल के माध्यम से खेल अधोसंरचना के विकास पर जोर देते हुए कहा कि इससे आधुनिक खेल सुविधाओं का विस्तार और संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित होगा। बैठक में प्रमुख सचिव मनीष सिंह, उप-संचालक बी.एस. यादव सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here