मंत्री विश्वास सारंग ने किया 14वीं राष्ट्रीय ड्रैगन बोट चैंपियनशिप का शुभारंभ, मध्यप्रदेश ने जीता स्वर्ण

0

एनएसटी न्यूज, भोपाल। राजधानी भोपाल के छोटे तालाब में मंगलवार को 14वीं राष्ट्रीय ड्रैगन बोट सीनियर, जूनियर पुरुष एवं महिला ड्रैगन बोट चैंपियनशिप का भव्य शुभारंभ हुआ। सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश खेलों के क्षेत्र में लगातार नई पहचान बना रहा है और 12 जनवरी से शुरू होने जा रहा “खेलो एमपी” आयोजन प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को आगे लाने का एक सशक्त माध्यम बनेगा।  मंत्री श्री सारंग ने कहा कि “खेलो एमपी” मॉडल को इस तरह विकसित किया गया है, जिससे जमीनी स्तर से प्रतिभाओं का चयन हो सके। यह मॉडल देश के अन्य राज्यों के लिए भी अनुकरणीय है और इसे राष्ट्रीय स्तर पर अपनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने भारतीय कयाकिंग एवं कैनोइंग संघ के अध्यक्ष प्रशांत कुशवाह के प्रयासों की भी सराहना की।चैंपियनशिप के पहले ही दिन मेजबान मध्यप्रदेश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर अपने अभियान की मजबूत शुरुआत की। सीनियर डी-10 मिक्स इवेंट के फाइनल में मध्यप्रदेश की टीम ने 9:46.267 मिनट का समय लेकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। महाराष्ट्र ने 9:56.146 मिनट के समय के साथ रजत, जबकि पंजाब ने 9:56.555 मिनट के समय के साथ कांस्य पदक हासिल किया।

पहले दिन दो किलोमीटर की रेस आयोजित की गई। पदक विजेता खिलाड़ियों को खेल मंत्री विश्वास सारंग, भोपाल महापौर मालती राय और एशियन कैनो फेडरेशन के अध्यक्ष प्रशांत कुशवाहा ने सम्मानित किया। उल्लेखनीय है कि इस राष्ट्रीय चैंपियनशिप में देशभर से एक हजार से अधिक खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता के दूसरे दिन बुधवार को दो किलोमीटर की शेष फाइनल रेस के साथ 500 मीटर की हीट्स और फाइनल मुकाबले आयोजित किए जाएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here