Mission Olympics: भारत का लक्ष्य 2047 तक दुनिया के टॉप 5 देशों में पहुंचना: खेल मंत्री मांडविया

0

नई दिल्ली: खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने रविवार को कहा कि भारत का लक्ष्य 2047 तक खेलों में दुनिया के शीर्ष पांच देशों में शामिल होना है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने खेलों के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है और कई महत्वपूर्ण सुधार भी किए गए हैं।

मांडविया ने रविवार को यहां राष्ट्रमंडल भारोत्तोलन चैंपियनशिप के उद्घाटन समारोह में कहा, “प्रधानमंत्री ने अगले 10 वर्षों में देश को खेलों की दुनिया में शीर्ष 10 देशों में शामिल करने का लक्ष्य रखा है। हमने 2036 के ओलंपिक के लिए दावेदारी भी पेश की है। 2047 में जब हम स्वतंत्रता के 100 साल पूरे करेंगे, तब तक प्रधानमंत्री मोदी ने खेलों में दुनिया के शीर्ष पांच देशों में शामिल होने का लक्ष्य निर्धारित किया है।”

उन्होंने कहा, “खेलों में एक मजबूत पारिस्थितिकी तंत्र तैयार करने और देश को खेलों में उत्कृष्टता दिलाने के लिए हमने ‘टारगेट पोडियम ओलंपिक’ योजना बनाई है। इस योजना के माध्यम से देश के शीर्ष खिलाड़ियों को सर्वश्रेष्ठ संसाधन और समर्थन मिल रहा है, ताकि वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपना खेल पेश कर सकें।” मंत्री ने कहा कि समय की आवश्यकता है कि देश में एक सशक्त खेल पारिस्थितिकी तंत्र बनाया जाए और सरकार इसे साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here