मिचेल स्टार्क ने टी20 इंटरनेशनल को कहा अलविदा, टेस्ट और वनडे पर करेंगे फोकस

0

नई दिल्ली: ऑस्ट्रेलिया ने अपने सबसे सफल टी20 तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क को अगले विश्व कप से कुछ महीने पहले ही खो दिया। बाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने अपने करियर को लंबा और संतुलित बनाने के लिए सफेद गेंद से खेलने का दबाव कम करने का निर्णय लिया। मिचेल स्टार्क ने मंगलवार, 2 सितंबर 2025 को अंतरराष्ट्रीय टी20 क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा की, जिससे उनके प्रशंसकों और क्रिकेट जगत में हलचल मच गई।

आईपीएल और घरेलू टी20 लीग में जारी रखेंगे खेल

35 वर्षीय मिचेल स्टार्क अब टेस्ट, वनडे और इंडियन प्रीमियर लीग सहित घरेलू टी20 लीग के लिए उपलब्ध रहेंगे। उन्होंने पिछले साल कैरेबियाई विश्व कप के बाद से कोई टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेला है। स्टार्क ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाजों में पुरुषों के टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले बॉलर के रूप में इतिहास रचते हुए खेल से बाहर हुए हैं। उनके 79 टी20 अंतरराष्ट्रीय विकेट केवल स्पिनर एडम जम्पा (130) से पीछे हैं।

2021 विश्व कप विजेता टीम के सदस्य रहे मिचेल स्टार्क

मिचेल स्टार्क के टी20 करियर का मुख्य आकर्षण 2021 विश्व कप रहा, जब ऑस्ट्रेलिया ने अपना पहला पुरुष टी20 खिताब जीता। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार स्टार्क ने अपने बयान में कहा, “टेस्ट क्रिकेट हमेशा से मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता रही है। मैंने ऑस्ट्रेलिया के लिए खेले गए हर टी20 मैच के हर पल का आनंद लिया, खासकर 2021 विश्व कप में। यह केवल जीतने की वजह से नहीं, बल्कि इसलिए भी कि हम एक अविश्वसनीय टीम थे और उस दौरान जो मजा आया, वह किसी भी जीत से कहीं ज्यादा यादगार था।”

वनडे वर्ल्ड कप की तैयारी में सही कदम: मिचेल स्टार्क

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कहा, “विदेश में भारत के टेस्ट दौरे, एशेज और 2027 में होने वाले एकदिवसीय विश्व कप को देखते हुए, मुझे लगता है कि खुद को तरोताजा और फिट बनाए रखना और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन देना मेरे लिए सबसे सही तरीका है। इससे गेंदबाजी टीम को भी उन टूर्नामेंट से पहले होने वाले मैचों में टी20 विश्व कप की तैयारी करने का पर्याप्त समय मिलता है।”

मिचेल स्टार्क का फैसला ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए बड़ा झटका

मिचेल स्टार्क का यह फैसला मिचेल मार्श की कप्तानी वाली टीम की टी20 विश्व कप जीतने की उम्मीदों के लिए बड़ा झटका है। टी20 विश्व कप अगले साल फरवरी में भारत और श्रीलंका में आयोजित होगा। हालांकि, यह कदम ऑस्ट्रेलिया की बढ़ती उम्र की स्वर्णिम पीढ़ी की बदलती प्राथमिकताओं के अनुरूप भी माना जा सकता है। पिछले साल डेविड वार्नर ने सभी फॉर्मेट से संन्यास ले लिया था। इसके अलावा, स्टीव स्मिथ, ग्लेन मैक्सवेल और मार्कस स्टोइनिस ने इस साल वनडे इंटरनेशनल से संन्यास लिया। वनडे कप्तान पैट कमिंस ने 2023 विश्व कप के बाद से केवल दो एकदिवसीय मैच खेले हैं। ये सभी खिलाड़ी अब विदेशों में घरेलू टी20 लीगों के अनुबंध लेकर सक्रिय रह रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here