मोहम्मद सिराज ने विकेट लेने के बाद सेलिब्रेशन के पीछे के कारण का किया खुलासा, कहा – कल का पता नहीं

0

नई दिल्ली: भारत और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही 5 मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला लॉर्ड्स के ग्राउंड पर खेला जा रहा है। इस मैच के दूसरे दिन के खेल में जब टीम इंडिया के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने दूसरे सेशन के खेल में जेमि स्मिथ का विकेट हासिल किया तो उन्होंने इसका सेलिब्रेशन कुछ अलग तरह से किया, जिसको लेकर सभी थोड़ा हैरान भी हो गए। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, सिराज ने BCCI की तरफ से अब सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए वीडियो में अपने इस सेलिब्रेशन के पीछे के कारण का खुलासा किया।

फुटबॉल खिलाड़ी डिओगो जोटा को दी श्रद्धांजलि

लिवरपूल के लिए खेलने वाले पुर्तगाल के स्टार फुटबॉल खिलाड़ी डिओगो जोटो की 3 जुलाई को कार एक्सिडेंट में मौत हो गई थी, जिसकी खबर आने के बाद पूरा खेल जगत हैरान रह गया था। टीम इंडिया के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज के लिए भी ये खबर एक बड़े झटके के रूप में थी। सिराज ने BCCI की तरफ से जारी किए गए वीडियो में कहा कि आखिरी मैच में जब हम लोग आ रहे थे तब पता चला था कि डिओगो जोटा की कार दुर्घटना में मौत हो गई। मैं पुर्तगाल का प्रशंसक हूं क्योंकि क्रिस्टियानो रोनाल्डो भी उसी टीम से खेलते हैं। जिंदगी का कुछ भी तय नहीं है।

हम किसके लिए लड़ रहे हैं, हम किसके लिए कर रहे हैं, कल का किसी को पता नहीं है। जिंदगी का कुछ भरोसा नहीं है। मैं चौंक गया, मुझे समझ नहीं आया आखिर ये कैसे हो गया। मोहम्मद सिराज ने लॉर्ड्स टेस्ट मैच के दूसरे दिन जब जेमि स्मिथ का विकेट हासिल किया तो उन्होंने आसमान की तरफ देखते हुए 20 नंबर जर्सी का इशारा किया। अपने इस इशारे के जरिए सिराज ने दिवंगत फुटबॉल खिलाड़ी डिओगो जोटा को श्रद्धांजलि दी। डिओगो जोटो की जब कार एक्सिडेंट में मौत हुई तो उस समय उनका भाई भी उनके साथ था, जिसकी भी इस दुर्घटना में मौके पर मौत हो गई।

2 विकेट ही हासिल करने में कामयाब हो सके सिराज 

लॉर्ड्स टेस्ट मैच में इंग्लैंड टीम की पहली पारी में मोहम्मद सिराज ने गेंदबाजी तो काफी अच्छी की लेकिन वह सिर्फ 2 विकेट ही हासिल करने में कामयाब हो सके। सिराज ने जेमि स्मिथ के अलावा ब्रायडन कार्स को अपना शिकार बनाया। टीम इंडिया की तरफ से पहली पारी में गेंद से सिराज के अलावा बुमराह ने 5 विकेट तो वहीं नीतीश रेड्डी ने 2 जबकि रवींद्र जडेजा ने एक विकेट हासिल किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here