मूंद्रा, होलार्ड और टकर के दम पर आयरलैंड की ऐतिहासिक जीत, पहली बार भारत को किसी भी फॉर्मेट में हराया

0

बेलफास्ट |  भारत को टी20 विश्व कप चैंपियन बनने के बाद अपने पहले ही मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा। बेलफास्ट में खेले गए पहले पुरुष टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में आयरलैंड ने भारत को 34 रन से हराकर इतिहास रच दिया। यह पहली बार है जब आयरलैंड ने किसी भी अंतरराष्ट्रीय फॉर्मेट में भारतीय टीम को मात दी है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए आयरलैंड ने 20 ओवर में 9 विकेट पर 182 रन बनाए। कप्तान लॉर्कन टकर ने 50 रन और गेरेथ डेलेनी ने 49 रन की अहम पारी खेली। दोनों ने शुरुआती झटकों के बाद टीम को संभालते हुए मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। भारत की ओर से हर्षित राणा ने तीन विकेट लिए।

183 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम 148 रन पर सिमट गई। अभिषेक शर्मा ने 20 गेंदों में 49 रन की तेज पारी खेली, लेकिन अन्य बल्लेबाज उनका साथ नहीं दे सके। डेब्यू कर रहे जय मूंद्रा ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की पहली ही गेंद पर संजू सैमसन को आउट किया, जबकि मैट होलार्ड ने भी शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट झटके। मैथ्यू हम्फ्रीज ने भी तीन सफलताएं हासिल कीं।

अक्षर पटेल और शिवम दुबे ने सातवें विकेट के लिए 35 रन जोड़कर भारत की उम्मीदें जगाईं, लेकिन मूंद्रा और डेलेनी ने लगातार विकेट लेकर मैच पूरी तरह आयरलैंड की झोली में डाल दिया।

इस मुकाबले में भारत के तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा भी महंगे साबित हुए। उन्होंने चार ओवर में 57 रन खर्च किए। लगातार दो टी20 अंतरराष्ट्रीय पारियों में उनके नाम 125 रन खर्च करने का अनचाहा रिकॉर्ड दर्ज हो गया, जो पुरुष टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में किसी गेंदबाज द्वारा लगातार दो पारियों में सबसे ज्यादा रन देने का नया रिकॉर्ड है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here