नई दिल्ली: भारतीय टीम के पूर्व कप्तान और दिग्गज ओपनर बल्लेबाज रोहित शर्मा ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में शानदार प्रदर्शन करते हुए सबसे ज्यादा रन बनाए। रोहित ने सीरीज में कुल 202 रन जोड़े, जिसमें एक शतक और एक अर्धशतक शामिल रहा। उनके दमदार प्रदर्शन की बदौलत भारत ने सीरीज में बेहतरीन खेल दिखाया, और रोहित को उनके शानदार योगदान के लिए प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया। इस प्रदर्शन ने एक बार फिर साबित किया कि रोहित शर्मा अभी भी भारतीय बल्लेबाजी क्रम की रीढ़ बने हुए हैं।
रोहित ने कंगारू टीम के खिलाफ दूसरे मैच में अर्धशतकीय पारी खेली थी, लेकिन तीसरे मैच में उन्होंने नाबाद 121 रन की पारी खेलते हुए टीम की जीत में बड़ी भूमिका निभाई और प्लेयर ऑफ द मैच भी बने। रोहित अब भारत की तरफ से वनडे में सबसे ज्यादा उम्र में ये खिताब जीता और एमएस धोनी को पीछे छोड़ दिया जबकि सिडनी में खेलनी शतकीय पारी के बाद उन्होंने मैथ्यू हेडेन और रिकी पोंटिंग को इस मामले में पीछे छोड़ने में सफलता हासिल की।
रोहित शर्मा ने मैथ्यू हेडेन को पछाड़ा
इंटरनेशनल क्रिकेट में 30 साल की उम्र के बाद सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में रोहित शर्मा अब दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। रोहित ने इस उम्र के बाद अब तक 37 इंटरनेशनल शतक लगाए हैं, जिससे उन्होंने मैथ्यू हेडेन और रिकी पोंटिंग को पीछे छोड़ दिया है, जिन्होंने 30 के बाद क्रमशः 36-36 शतक जड़े थे। इस सूची में शीर्ष स्थान पर श्रीलंका के महान बल्लेबाज कुमार संगकारा हैं, जिन्होंने 30 की उम्र के बाद अपने करियर में 43 शतक बनाए थे। रोहित का यह प्रदर्शन उनके निरंतरता और फिटनेस का सबूत है, जो उन्हें अब भी विश्व क्रिकेट के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाजों में बनाए रखता है।
30 साल की उम्र के बाद सर्वाधिक अंतर्राष्ट्रीय शतक
43 – कुमार संगकारा
37 – रोहित शर्मा
36 – मैथ्यू हेडन
36 – रिकी पोंटिंग
35 – सचिन तेंदुलकर<br>34 – तिलकरत्ने दिलशान
धोनी को पीछे छोड़ रोहित शर्मा ने बनाया खास रिकॉर्ड
रोहित शर्मा ने सिडनी में शानदार शतकीय पारी खेलते हुए भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई और अपने प्रदर्शन के दम पर प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब भी जीता। इस उपलब्धि के साथ ही रोहित अब भारत की ओर से वनडे में सबसे अधिक उम्र में प्लेयर ऑफ द मैच बनने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने यह कारनामा 38 साल और 178 दिन की उम्र में किया, जिससे उन्होंने एमएस धोनी को पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने यह उपलब्धि 37 साल और 194 दिन की उम्र में हासिल की थी। रोहित का यह प्रदर्शन उनके अनुभव, फिटनेस और क्लासिक बल्लेबाजी का बेहतरीन उदाहरण है, जो यह साबित करता है कि उम्र केवल एक संख्या है।
वनडे में सबसे अधिक उम्र में प्लेयर ऑफ द मैच खिताब जीतने वाले भारतीय खिलाड़ी
38 वर्ष 178 दिन – रोहित शर्मा
37 वर्ष 194 दिन – एमएस धोनी
37 वर्ष 190 दिन – सुनील गावस्कर

