भोपाल: 68वीं राष्ट्रीय अंडर-19 बालक व बालिका शालेय कराते प्रतियोगिता इंदौर में आयोजित हुई, इसमें मप्र अकादमी के सात खिलाड़ियों ने भाग लिया और सभी ने पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया। मप्र अकादमी ने इस प्रतियोगिता में तीन स्वर्ण, तीन रजत व एक कांस्य पदक जीता।
बालिका वर्ग के 48 किग्रा में धकडन शाह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता। इसके अलावा सिद्धांत गुरुंग ने बालक वर्ग के 74 किग्रा भार में स्वर्ण पदक जीता। इसी तरह रिद्धि अग्रवाल ने बालिका के 48 किग्रा में शानदार प्रदर्शन कर स्वर्ण पदक जीता।
राजवीर ने बालक वर्ग के 62 किग्रा भार में रजत पदक जीता। वहीं कल्याणी कोडोपे ने शानदार प्रदर्शन कर रजत पदक जीता। फाइनल मुकाबले में कल्याणी ने बहुत ही बेहतरीन प्रदर्शन किया, इसके बाद भी वे मामूली अंतर से पराजित हुई। पीयूष त्रिपाठी ने 60 किग्रा भार वर्ग में रजत पदक जीता। अकादमी के ही दीक्षांत कटारिया ने 78 किग्रा भार वर्ग में कांस्य पदक जीता। मप्र अकादमी के मुख्य कोच हर्षित विश्वकर्मा, पलाश समाधिया, कुलदीप कंदील और रूद्रप्रताप सिंह टीम के साथ थे। टीम ने उनके मार्गदर्शन में ही प्रशिक्षण प्राप्त किया था। खेलमंत्री विश्वास कैलाश सारंग और खेल संचालक डा.रवि कुमार गुप्ता ने पदक विजेता खिलाड़ियों व प्रशिक्षकों को बधाई व शुभकामनाएं दी।


