एमपी सिविल सर्विस हॉकी टीम घोषित, इनकम टैक्स के मोहित पाठक बने कप्तान

0

नेशनल स्पोर्ट्स टाइम्स, भोपाल। मध्य प्रदेश सिविल सर्विस हॉकी टीम का ऐलान कर दिया गया है। टीम की कमान इनकम टैक्स विभाग के मोहित पाठक को सौंपी गई है। घोषित टीम में एजीएमपी के 10 खिलाड़ी और भारतीय डाक विभाग भोपाल के 8 खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। यह टीम 17 से 28 फरवरी तक नई दिल्ली में आयोजित होने वाली ऑल इंडिया सिविल सर्विसेज हॉकी चैंपियनशिप में मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेगी।

टीम चयन में एजीएमपी का दबदबा देखने को मिला है। एजीएमपी ग्वालियर के 8 और एजीएमपी भोपाल के 2 खिलाड़ियों को टीम में जगह दी गई है। इनमें रविंद्र खरब, निक्की कौशल, आजम बेग, दीपक सिंह, पोलुस लकड़ा, मोहम्मद जावेद अली, वासुदेव और मोहम्मद फराज शामिल हैं। वहीं, टीम मैनेजर की जिम्मेदारी अनुभवी खिलाड़ी मनोज परिहार को सौंपी गई है।

भारतीय डाक विभाग से मुमताज उद्दीन, मोहम्मद शाहिर, मोहम्मद उमर, मोहम्मद जावेद अली, हर्षदीप कपूर, इजहार कुरैशी, आफताब खान, सैयद मोहसिन हसन और असद कमाल को टीम में शामिल किया गया है। इनमें इजहार कुरैशी को छोड़कर सभी खिलाड़ी वर्तमान में भोपाल में पदस्थ हैं। टीम के कोच की भूमिका फैसल अली निभाएंगे, जो भारतीय डाक विभाग भोपाल से हैं। इनकम टैक्स विभाग से कप्तान मोहित पाठक (भोपाल) के साथ समीर खान (इंदौर) को भी टीम में चुना गया है। चयनकर्ताओं के अनुसार टीम संतुलित है और अनुभवी व युवा खिलाड़ियों का अच्छा मिश्रण देखने को मिलेगा।

टीम मैनेजर मनोज परिहार का हॉकी करियर भी उल्लेखनीय रहा है। वर्ष 1993 में खेल कोटे से एजीएमपी में चयनित परिहार एक ही वर्ष में लगातार पांच नेशनल खेलने वाले मध्य प्रदेश के पहले खिलाड़ी रहे हैं। वह अब तक 17 राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुके हैं और 2021 में भोपाल में आयोजित अखिल भारतीय सिविल सर्विसेज हॉकी चैंपियनशिप की विजेता टीम का हिस्सा भी रहे हैं। वर्तमान में वह लेखा परीक्षा कार्यालय ग्वालियर में सहायक लेखा परीक्षा अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं।

एमपी सिविल सर्विस हॉकी टीम (चयनित खिलाड़ी):

गोलकीपर: रविंद्र खरब, मुमताज उद्दीन

डिफेंडर: निक्की कौशल, फराज खान

मिडफिल्डर: मोहित पाठक (कप्तान), दीपक सिंह, मोहम्मद शाहिर

फारवर्ड: पोलुस लकड़ा, आजम बेग, मोहम्मद उमर, मोहम्मद जावेद अली, वासुदेव, हर्षदीप कपूर, समीर खान, इजहार कुरैशी, मोहम्मद आफताब, सैयद मोहसिन हसन, असद कमाल

टीम कोच: फैसल अली (इंडियन पोस्टल, भोपाल)

टीम मैनेजर: मनोज परिहार (एजीएमपी, ग्वालियर)

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here