भोपाल।( एनएसटी न्यूज़) मध्यप्रदेश प्रीमियर लीग (सिंधिया कप) 2026 के लिए आईसेक्ट इंडिया समूह की पुरुष क्रिकेट टीम रॉयल निमाड़ ईगल्स ने भोपाल में अपने हाई-परफॉर्मेंस कैंप की शुरुआत कर दी है। टीम के खिलाड़ी आगामी टूर्नामेंट के लिए कड़ी मेहनत और आधुनिक प्रशिक्षण के माध्यम से खुद को तैयार कर रहे हैं। यह कैंप खिलाड़ियों को शारीरिक, तकनीकी और मानसिक रूप से मजबूत बनाने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है, ताकि टीम इस सत्र में एक ऊंची उड़ान भर सके।
रॉयल निमाड़ ईगल्स पुरुष टीम 2026 में कप्तान सरांश जैन एवं उपकप्तान हिमांशु मंत्री के नेतृत्व में मैदान पर उतरेगी। टीम में स्टार खिलाड़ी कुमार कार्तिकेय सिंह सहित आनंद सिंह बैस, प्रणित पाटीदार, पारुष मंडल, पुष्कर विश्वकर्मा, प्रारब्ध वी मिश्रा, शिवांश चतुर्वेदी, कनिष्क दुबे, धर्मेश पटेल, कार्तिक राजोरिया, शांतनु रघुवंशी, अयान श्रीराज, अभिषेक मावी, देवेंद्र सिंह कठैत एवं शशांक पाटीदार जैसे प्रतिभाशाली खिलाड़ी शामिल हैं।
टीम के खिलाड़ियों पर विशेष ध्यान दे रहे हैं हेड कोच संजय पांडे
कैंप के दौरान टीम के हेड कोच संजय पांडेय एवं डायरेक्टर क्रिकेट जी. सतीश के मार्गदर्शन में खिलाड़ी खेल की बारीकियों को सीख रहे हैं। खिलाड़ियों को आधुनिक क्रिकेट की आवश्यकताओं के अनुरूप विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है, जिसमें स्ट्रेंथ एंड पावर ट्रेनिंग (हाई सीएनएस), नेट सेशन, फील्डिंग ड्रिल्स, लो सीएनएस रिकवरी सेशन, मैच सिमुलेशन प्रैक्टिस तथा स्विमिंग पूल में फ्लेक्सिबिलिटी एवं रिकवरी ट्रेनिंग जैसी गतिविधियां शामिल हैं। खिलाड़ियों की फिटनेस, मानसिक मजबूती एवं मैच परिस्थितियों में बेहतर निर्णय क्षमता विकसित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
खिलाड़ियों में नया जोश भर रहे हैं टीम के ओनर डॉक्टर सिद्धार्थ चतुर्वेदी
आईसेक्ट इंडिया समूह के कार्यकारी उपाध्यक्ष एवं रॉयल निमाड़ ईगल्स टीम के ओनर डॉ. सिद्धार्थ चतुर्वेदी लगातार खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन कर रहे हैं। खिलाड़ियों से संवाद करते हुए उन्होंने कहा कि रॉयल निमाड़ ईगल्स केवल एक क्रिकेट टीम नहीं, बल्कि मध्यप्रदेश की युवा प्रतिभाओं के सपनों, संभावनाओं और पेशेवर अवसरों का सशक्त मंच है। उन्होंने खिलाड़ियों को अनुशासन, समर्पण और टीम भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि आईसेक्ट इंडिया समूह का उद्देश्य प्रदेश की प्रतिभाओं के लिए मजबूत खेल संरचना तैयार करना और उन्हें राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के अवसर उपलब्ध कराना है। कैंप के दौरान खिलाड़ियों में उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा देखने को मिल रही है। टीम प्रबंधन, कोचिंग स्टाफ एवं सपोर्ट स्टाफ खिलाड़ियों को सर्वश्रेष्ठ सुविधाएं उपलब्ध कराने में जुटा हुआ है, जिससे टीम टूर्नामेंट के लिए पूरी तरह तैयार होकर मैदान में उतर सके।


