इंदौर, मध्य प्रदेश, 6 जून: इंदौर के होलकर स्टेडियम में चल रहे आदित्य बिड़ला ग्रुप मध्य प्रदेश लीग (एमपीएल) टी20 सिंधिया कप 2026 में रीवा जगुआर्स ने ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए बुंदेलखंड बुल्स को 9 विकेट से करारी शिकस्त दी।
टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी रीवा जगुआर्स ने शुरुआत से ही मुकाबले पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली। बुंदेलखंड बुल्स के कप्तान और सलामी बल्लेबाज अभिषेक पाठक को पारी की पहली ही गेंद पर जीवनदान मिला, जब उनका कैच छूट गया, लेकिन रामवीर गुर्जर ने तुरंत वापसी करते हुए उसी ओवर की अगली गेंद पर हर्ष गवली को गोल्डन डक पर आउट कर टीम को पहली सफलता दिलाई। इसके बाद रीवा जगुआर्स के गेंदबाजों ने पूरी तरह से मैच पर नियंत्रण स्थापित कर लिया। बुंदेलखंड बुल्स की टीम कोई बड़ी साझेदारी नहीं बना सकी और नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही। 11.5 ओवर में 58 रन पर 6 विकेट गंवाने के बाद पूरी टीम 15.3 ओवर में मात्र 74 रन पर सिमट गई।

रीवा की ओर से रामवीर गुर्जर सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 2.3 ओवर में 16 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। उन्हें सागर सोलंकी, रोहित राजावत और पृथ्वीराज सिंह तोमर का शानदार साथ मिला, जिन्होंने दो-दो विकेट लेकर बुंदेलखंड की बल्लेबाजी क्रम को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।
बुंदेलखंड बुल्स के लिए केवल पार्थ गोस्वामी ही कुछ संघर्ष करते नजर आए। उन्होंने 30 गेंदों में 25 रन बनाए, लेकिन रोहित राजावत ने उन्हें एलबीडब्ल्यू आउट कर उनकी पारी का अंत किया। पार्थ अपनी टीम के एकमात्र बल्लेबाज रहे जो दहाई का आंकड़ा पार कर सके। 75 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी रीवा जगुआर्स के बल्लेबाजों ने इसे महज औपचारिकता बना दिया और केवल 5.1 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। अक्षत रघुवंशी ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए 14 गेंदों में 42 रन की तूफानी पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 4 छक्के और 4 चौके लगाए।


