सबसे बड़े तिरंगे के साथ हुआ एमपीएल टी20 सिंधिया कप का भव्य शुभारंभ

0

एनएसटी न्यूज, इंदौर।   आदित्य बिड़ला ग्रुप मध्य प्रदेश लीग (एमपीएल) टी20 सिंधिया कप 2026 का भव्य शुभारंभ बुधवार को इंदौर के होलकर स्टेडियम में देश के सबसे बड़े तिरंगे के प्रदर्शन के साथ हुआ। देशभक्ति, पर्यावरण संरक्षण और क्रिकेट के अनूठे संगम ने उद्घाटन समारोह को यादगार बना दिया। 35 मीटर × 20 मीटर आकार का यह विशाल राष्ट्रीय ध्वज लगभग 11 हजार प्लास्टिक की बेकार बोतलों से तैयार किया गया है। 100 प्रतिशत जीआरएस (ग्लोबल रिसाइकल्ड स्टैंडर्ड) प्रमाणित इस तिरंगे को पहले ही लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में स्थान मिल चुका है। समारोह के दौरान इंदौर के 150 विद्यार्थियों ने इस तिरंगे को मैदान में लेकर प्रवेश किया, जिससे पूरे स्टेडियम में देशभक्ति का माहौल बन गया। उद्घाटन समारोह में 20 मीटर × 15 मीटर आकार का विशाल एमपीएल ध्वज भी प्रदर्शित किया गया, जिसे सात हजार प्लास्टिक बोतलों के अपशिष्ट से तैयार किया गया था।

आयोजकों ने इस पहल के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, पुनर्चक्रण और जिम्मेदार कचरा प्रबंधन का संदेश दिया। एमपीएल का यह सीजन पहले से अधिक बड़ा और आकर्षक हो गया है। पुरुष वर्ग में अब 10 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जबकि महिला वर्ग में टीमों की संख्या तीन से बढ़कर पांच हो गई है। होलकर स्टेडियम और डेली कॉलेज मैदान पर आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्घाटन मुकाबला ग्वालियर चीता और नई टीम उज्जैन फाल्कन्स के बीच खेला जाएगा। वहीं महिला प्रतियोगिता की शुरुआत 4 जून से होगी, जहां चंबल घड़ियाल्स और ग्वालियर शेरनीज आमने-सामने होंगी। आयोजकों का मानना है कि खेल और पर्यावरण संरक्षण को जोड़ने वाली यह पहल युवाओं को प्रेरित करने के साथ-साथ समाज में सकारात्मक संदेश भी देगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here