नई दिल्ली : इंडियन प्रीमियर लीग 2027 (आईपीएल 2027) की रिटेंशन सूची जारी होने से पहले मंगलवार (17 नवंबर) को महेंद्र सिंह धोनी ने आईपीएल से संन्यास लेने का फैसला किया। इसके साथ ही वह चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के मेंटर की नई भूमिका में नजर आएंगे। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार धोनी की कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स ने पांच बार आईपीएल का खिताब अपने नाम किया। उन्होंने टीम के लिए 272 मुकाबले खेले और 5,314 रन बनाए। वह चेन्नई के लिए दूसरे सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी होने के साथ ही टीम की ओर से सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ी भी रहे।
45 वर्षीय धोनी 2026 में एक भी मैच नहीं खेले थे। उनकी कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स सबसे ज्यादा 10 बार फाइनल खेली। आईपीएल के पहले ही सीजन में धोनी की अगुआई में चेन्नई सुपर किंग्स फाइनल तक पहुंची थी, लेकिन उन्हें राजस्थान रॉयल्स के हाथों हार का सामना करना पड़ा और टीम उपविजेता रही। धोनी की कप्तानी में चेन्नई ने 2010, 2011, 2018, 2021 और 2023 का खिताब जीती। 2008,2012, 2013,2015 और 2019 में उप-विजेता रही।
आईपीएल के सबसे सफल कप्तानों में धोनी का नाम सबसे आगे
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार आईपीएल में धोनी सबसे महान कप्तान हैं। उन्होंने रिकॉर्ड 226 मैचों में कप्तानी की। 133 मैचों में जीत हासिल की। कम से कम 10 मैचों में कप्तानी करने वाले सभी कप्तानों में धोनी का 58.84% जीत का आंकड़ा लीग में अब भी सबसे बेहतर है। धोनी के नाम सबसे ज्यादा टी20 मैचों में कप्तानी करने का विश्व रिकॉर्ड भी है। उन्होंने इसकी शुरुआत 2007 में दक्षिण अफ्रीका में हुए टी20 वर्ल्ड कप में अपने पहले मैच से की थी।
सीएसके के लिए रनों के मामले में धोनी का शानदार रिकॉर्ड
सुरेश रैना के बाद धोनी ने आईपीएल में चेन्नई सुपर के लिए सबसे ज्यादा रन बनाए हैं। आईपीएल में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय खिलाड़ियों की सूची में धोनी तीसरे स्थान पर हैं। उनसे आगे केवल उनके पूर्व भारतीय साथी खिलाड़ी रोहित शर्मा और विराट कोहली हैं। रांची में जन्मे धोनी विकेट के पीछे सबसे सफल खिलाड़ी भी हैं, जिन्होंने 190 से ज्यादा खिलाड़ियों को आउट किया है।
सीएसके की कप्तानी में धोनी की वापसी का दिलचस्प रहा सफर
धोनी ने 2022 सीजन में कुछ समय के लिए कप्तानी छोड़ दी थी, लेकिन टीम के बेहद खराब प्रदर्शन के बाद जब चेन्नई सुपर किंग्स पहली बार प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई नहीं कर पाई तो उन्होंने फिर से कमान संभाल ली। 2023 के बाद, उन्होंने एक बार फिर कप्तानी छोड़ दी और यह जिम्मेदारी ऋतुराज गायकवाड़ को सौंप दी। तब से चेन्नई सुपर किंग्स ग्रुप स्टेज से आगे नहीं बढ़ पाई है।
2020 में धोनी ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को कहा था अलविदा
धोनी ने 2020 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। भारत के लिए उनका आखिरी मैच नवंबर 2019 में विश्व कप का सेमीफाइनल था। इस वजह से वह आईपीएल के 2025 सीजन के लिए अनकैप्ड खिलाड़ी के तौर पर रिटेन किए जाने के योग्य हो गए। चेन्नई सुपर किंग्स ने ऐसा ही किया और उस सीजन में धोनी ने एक फिनिशर की भूमिका निभाई, जिसमें वे बल्लेबाजी करने के लिए जितना हो सके, सबसे अंत में आते थे।


