33.1 C
New Delhi
Sunday, March 15, 2026

डी गुकेश का मोहरा दर्शकों में फेंककर ट्रोल हुए नाकामुरा, FIDE ने जताई नाराज़गी

नई दिल्ली: शतरंज जगत रविवार, 5 अक्टूबर 2025 को एक नए विवाद में घिर गया, जब दुनिया के नंबर दो खिलाड़ी हिकारू नाकामुरा ने एक प्रदर्शनी मैच के दौरान खेल भावना की मर्यादा लांघ दी। टेक्सास के ई-स्पोर्ट्स एरिना, अर्लिंग्टन में आयोजित इस मुकाबले में, नाकामुरा ने भारत के विश्व चैंपियन डी. गुकेश को हराने के बाद उनका किंग का मोहरा उठाकर दर्शकों की ओर फेंक दिया, जिससे खेल प्रेमियों और अधिकारियों में नाराज़गी फैल गई। यह घटना उस समय हुई जब टीम यूएसए ने भारत की टीम को 5-0 से करारी शिकस्त दी। भारतीय टीम में डी. गुकेश, अर्जुन एरिगैसी और दिव्या देशमुख जैसे शीर्ष खिलाड़ी शामिल थे, जबकि अमेरिकी टीम में नाकामुरा, फैबियानो कारुआना और कारिसा यिप जैसे अनुभवी ग्रैंडमास्टर्स खेले। नाकामुरा की इस हरकत की खेल जगत में व्यापक आलोचना हुई और FIDE (विश्व शतरंज महासंघ) ने भी इसे अस्वीकार्य व्यवहार करार दिया।

आख़िर डी गुकेश के साथ हुआ क्या?

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इस मुकाबले का सबसे बड़ा मुद्दा नाकामुरा द्वारा गुकेश के किंग को दर्शकों के बीच फेंकना था, जिसके बारे में यूट्यूबर, अन्य खिलाड़ियों ने बताया कि खेल के आयोजकों ने ही खिलाड़ियों को ऐसा करने का सुझाव दिया था। पूर्व विश्व चैंपियन व्लादिमीर क्रैमनिक और केविन गोह वेई मिंग जैसे खिलाड़ियों ने नाकामुरा के इस कृत्य की आलोचना की है, जबकि अनीश गिरी ने कहा कि उन्हें समझ नहीं आ रहा कि इतना हंगामा किस बात का है।

क्रैमनिक से अनीश गिरि तक: शतरंज जगत की प्रतिक्रिया

रविवार को, FIDE के सीईओ एमिल सुतोव्स्की ने भी हिकारू नाकामुरा की आलोचना की। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने अपने ट्विटर (अब एक्स) पोस्ट में लिखा, “यह कार्यक्रम एक तमाशा था। प्रशंसक बहुत खुश थे और खिलाड़ियों को उसी के अनुसार व्यवहार करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। यह सब सच है। लेकिन अब बताइए, क्या कोई ऐसा शीर्ष खिलाड़ी है जो नाकामुरा जैसा व्यवहार करता है?” सुतोव्स्की की इस टिप्पणी ने विवाद को और हवा दे दी, साथ ही शतरंज के खेल-सम्मान और खिलाड़ियों के आचरण पर गंभीर चर्चा शुरू हो गई।

मनोरंजन या शिष्टाचार का उल्लंघन? आयोजकों ने दी सफाई

इस पर, आयोजकों ने व्यंग्यात्मक लहजे में जवाब दिया, ‘आयोजकों की ओर से, हम स्वीकार करते हैं कि हमने खिलाड़ियों को मौज-मस्ती करने, दर्शकों को खुश करने और FIDE शिष्टाचार का उल्लंघन करने के लिए मजबूर किया। अगर खिलाड़ियों, लाइव दर्शकों और ज्यादातर ऑनलाइन दर्शकों को मजा आया हो, तो हम तहेदिल से माफी मांगते हैं।’

दर्शकों से लेकर यूट्यूब तक: नाकामुरा घटना पर सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाएं

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार सोशल मीडिया पर विवाद फैलने के बाद, अमेरिकी टीम का हिस्सा रहे यूट्यूबर लेवी रोजमैन ने बताया कि नाकामुरा का यह कदम आयोजकों की ही एक नौटंकी का हिस्सा था। रोजमैन ने कहा, ‘बिना किसी संदर्भ के, यह एक अकारण किया गया इशारा लगेगा, लेकिन आयोजकों ने हमें ऐसा करने के लिए उकसाया। अगर मैं चेसबेस इंडिया के सागर शाह के खिलाफ अपना गेम जीत जाता या वह जीत जाता तो हमें किंग तोड़ना था। यह मनोरंजन के लिए था। गुकेश और हिकारू के गेम के विजेता को किंग को दर्शकों के बीच फेंकना था। मुझे नहीं पता कि गुकेश ने ऐसा किया होगा या नहीं।’

‘यह दिखावा था, अनादर नहीं’ – नाकामुरा ने जताई सफाई

हिकारू नाकामुरा ने बाद में डी गुकेश से बातचीत की और स्पष्ट किया कि उनका किंग दर्शकों में फेंकना सिर्फ एक दिखावा था, जिसमें किसी भी तरह का अनादर शामिल नहीं था। इस मामले पर सिंगापुर के ग्रैंडमास्टर केविन गोह वेई मिंग, जिन्होंने पिछले साल विश्व चैंपियनशिप का आयोजन किया था, ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, “अगर शतरंज का भविष्य ऐसा होगा जहां प्रतिद्वंद्वी के मोहरों को भीड़ में फेंकना स्वीकार्य व्यवहार माना जाएगा, तो मैं इस खेल से जुड़ना पसंद नहीं करूंगा।” उनके इस बयान ने शतरंज की पारंपरिक शिष्टाचार और खेल भावना को लेकर बहस को और तेज कर दिया है।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

15,780FansLike
2,290FollowersFollow
5,445SubscribersSubscribe

Latest Articles