नई दिल्ली : नेशनल पैरा एथलीट चिराग त्यागी की गाजियाबाद में हत्या कर दी गई, जिससे खेल जगत में शोक की लहर दौड़ गई। उनका शव कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित साई उपवन में बरामद हुआ। जानकारी के अनुसार, चिराग शनिवार सुबह दिल्ली स्थित हॉस्टल से अपने गांव मुरादनगर के बसंतपुर साथली के लिए निकले थे। इसी दौरान उनकी हत्या कर दी गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस हत्या के कारणों और आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच के दौरान उनकी पीठ पर एक छेद पाया गया, लेकिन अभी यह स्पष्ट नहीं है कि यह गोली लगने से हुआ था या किसी अन्य वस्तु से। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस तथा फोरेंसिक टीमें मौत के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं से जांच कर रही हैं।
चिराग त्यागी की हत्या की वजह अब तक साफ नहीं, जांच जारी
चिराग बंगलुरू में 26-27 मई को हुई 8वीं इंडियन ओपन इंटरनेशनल पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 से 400 मीटर दौड़ में गोल्ड मेडल जीतकर लौटे थे। हत्या की वजह साफ नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पीएम रिपोर्ट से ही पता चलेगा कि मौत गोली लगने से हुई या करंट लगने से हुई है। चिराग की हत्या की वजह का पता लगाने में पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं।
कोतवाली के एसएचओ सचिन कुमार ने बताया कि गाजियाबाद में कोतवाली पुलिस स्टेशन के अंतर्गत आने वाले साई उपवन में राष्ट्रीय पैरा एथलीट चिराग त्यागी का शव मिला है। वह सुबह दिल्ली के हॉस्टल से अपने गांव मुरादनगर के बसंतपुर साथली के लिए निकले थे। पुलिस के अनुसार उनकी पीठ पर एक छेद है। यह छेद गोली लगने के कारण हुआ है या फिर किसी अन्य चीज से चोट लगने के कारण, इसका पता पोस्टमॉर्टम के बाद ही पता चलेगा।


