मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि, युवाओं को मिलेगा फिटनेस और टीमवर्क का संदेश
(NST News) भोपाल. भारत हर साल 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस मनाता है। यह दिन हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती पर मनाया जाता है, जिन्हें दुनिया “हॉकी का जादूगर” कहकर याद करती है। इस दिन का उद्देश्य खेलों की महत्ता को समझाना और उन खिलाड़ियों की उपलब्धियों को सलाम करना है, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत का मान बढ़ाया। वर्ष 2019 में इसी दिन प्रधानमंत्री ने फिट इंडिया मूवमेंट की शुरुआत की थी, जिसने देशभर में स्वास्थ्य और फिटनेस के प्रति नई जागरूकता पैदा की।
इस साल राष्ट्रीय खेल दिवस 2025 का आयोजन खास रहने वाला है। इसमें ओलंपिक भावना और उसके मूल्यों – उत्कृष्टता, मित्रता और सम्मान – को बढ़ावा देने का संदेश दिया जाएगा। आयोजकों का कहना है कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि जीवन जीने का तरीका हैं। खेल अनुशासन, टीमवर्क और फिटनेस जैसी आदतें विकसित करते हैं, जो युवाओं को बेहतर नागरिक बनने में मदद करती हैं।

भोपाल में इस अवसर पर स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI) CRC सेंटर, सूरज नगर में 29 अगस्त को सुबह 7:30 बजे से विविध गतिविधियों का आयोजन होगा। कार्यक्रम में सांसद आलोक शर्मा मुख्य अतिथि होंगे। उनके साथ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और पूर्व अंतरराष्ट्रीय जूडो खिलाड़ी कमला रावत तथा SAI CRC भोपाल के क्षेत्रीय निदेशक अभिषेक सिंह चौहान विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगे। आयोजन समिति का कहना है कि इन गतिविधियों से युवाओं को फिटनेस और खेलों की ओर प्रेरित किया जाएगा।
आयोजन स्थल पर फिटनेस कार्यक्रम, टीम स्पोर्ट्स और इंटरएक्टिव सेशन रखे जाएंगे। बच्चों और युवाओं को खेलों के महत्व से जोड़ने के लिए प्रेरक संदेश दिए जाएंगे। आयोजकों ने बताया कि मेजर ध्यानचंद की खेल विरासत से आज की पीढ़ी को सीखना चाहिए कि खेल केवल पदक जीतने के लिए नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने और स्वस्थ जीवन जीने का माध्यम हैं। इस अवसर पर बड़ी संख्या में विद्यार्थी, खिलाड़ी और स्थानीय नागरिकों की मौजूदगी रहने की उम्मीद है।


