Neeraj Chopra NC Classic: नीरज चोपड़ा ने लगाई खिताब की हैट्रिक

0

बंगलुरू: भारतीय भालाफेंक सुपरस्टार नीरज चोपड़ा ने शनिवार को नीरज चोपड़ा क्लासिक (एनसी क्लासिक) के पहले सत्र का खिताब जीत लिया। बंगलुरू के कांतीरवा स्टेडियम में हुए विश्व स्तरीय टूर्नामेंट में नीरज ने लगातार तीसरा खिताब जीता। उन्होंने इससे पहले पेरिस डायमंड लीग (20 जून) और पोलैंड के ओस्ट्रावा में गोल्डन स्पाइक (24 जून) में खिताब जीता था।

नीरज ने अपने तीसरे प्रयास में 86.18 मीटर की दूरी के साथ एनसी क्लासिक 2025 का खिताब अपने नाम किया। केन्या के 2025 विश्व चैंपियन जूलियस येगो 84.51 मीटर के साथ दूसरे स्थान पर रहे जबकि श्रीलंका के रुमेश पथिरगे (84.34 मीटर) ने तीसरा स्थान हासिल किया।

इस प्रतियोगिता को जेएसडब्ल्यू स्पोर्ट्स के सहयोग से आयोजित किया गया था। इसे भारतीय एथलेटिक्स महासंघ (एएफआई) ने मंजूरी दी थी। नीरज चोपड़ा क्लासिक प्रतियोगिता में 12 भाला फेंक खिलाड़ियों ने भाग लिया जिसमें सात शीर्ष अंतरराष्ट्रीय भाला फेंकने वाले खिलाड़ी शामिल थे। इसमें चोपड़ा सहित पांच भारतीय खिलाड़ियों ने भी चुनौती पेश की।

विश्व एथलेटिक्स ने एनसी क्लासिक को श्रेणी ए का दर्जा दिया है। चोपड़ा ने इस साल मई में 90 मीटर की बाधा को पार किया था। उन्होंने एनसी क्लासिक से पहले ओस्ट्रावा गोल्डन स्पाइक 2025 में 85.29 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ खिताब जीता था।

खिताबी जीत के बाद नीरज ने कहा- हमें उम्मीद नहीं थी कि पहले संस्करण (नीरज चोपड़ा क्लासिक) को इतनी अच्छी प्रतिक्रिया मिलेगी और हमें इतना समर्थन मिलेगा हमने यह अच्छा किया, और मुझे उम्मीद है कि हम इस तरह के और भी आयोजन करेंगे। चाहे सरकार हो या एएफआई, या अन्य, सभी ने हमारा समर्थन किया है। नीरज ने आगे कहा- पिछले कुछ दिन मेरे लिए कठिन रहे हैं। मुझे थोड़ा अजीब भी लगा कि प्रतियोगिता मेरे नाम पर है। मुझे खुशी है कि मैं पहले संस्करण का पदक और ट्रॉफी घर पर रख सकता हूं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here